Ujjain GDS Conference: सीएम मोहन-सिंधिया की मौजूदगी से बढ़ी सियासी हलचल
उज्जैन के कार्तिक मेला ग्राउंड में 7 हजार ग्रामीण डाक सेवकों का सम्मेलन आज। CM मोहन यादव मुख्य अतिथि और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया करेंगे सम्मानित, जानें कार्यक्रम का उद्देश्य और खास बातें।

उज्जैन. मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित कार्तिक मेला ग्राउंड पर मंगलवार शाम 5 बजे ग्रामीण डाक सेवक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे, जबकि अध्यक्षता केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया करेंगे। इस भव्य सम्मेलन में प्रदेश भर से करीब 7 हजार ग्रामीण डाक सेवक (GDS) शामिल होंगे।
ग्रामीण भारत की रीढ़ हैं ग्रामीण डाक सेवक
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण डाक सेवकों के समर्पण और उनकी सेवाओं को सम्मान देना है। ग्रामीण क्षेत्रों में इंडिया पोस्ट की पहचान और पहुंच बढ़ाने में इनकी अहम भूमिका है।
डाक वितरण से लेकर बैंकिंग, बीमा और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में ग्रामीण डाक सेवक महत्वपूर्ण कड़ी बने हुए हैं। यही वजह है कि इन्हें ग्रामीण भारत की संचार और वित्तीय व्यवस्था की रीढ़ माना जाता है।
डाक सेवकों से संवाद करेंगे सिंधिया
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सम्मेलन के दौरान ग्रामीण डाक सेवकों से सीधा संवाद करेंगे। वे आधुनिक और नागरिक-केंद्रित डाक नेटवर्क को लेकर अपना विजन साझा करेंगे और ग्रामीण क्षेत्रों में सेवाओं के विस्तार को लेकर उन्हें प्रेरित करेंगे।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा सम्मान
कार्यक्रम में डाक एवं पार्सल वितरण, नए बचत खाते खोलने, डाक जीवन बीमा (PLI) और ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI) पॉलिसी, डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) जैसी सेवाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले ग्रामीण डाक सेवकों को सम्मानित किया जाएगा।
इंडिया पोस्ट को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम
यह सम्मेलन ग्रामीण क्षेत्रों में इंडिया पोस्ट को पब्लिक सर्विस डिलीवरी का मजबूत केंद्र बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है। सरकार का लक्ष्य हर डाकघर को नागरिक-केंद्रित सेवाओं का हब बनाना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। यह आयोजन उसी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।




