दो साल, सेवा और विश्वास: मुख्यमंत्री साय बोले— जनता की आस्था ही हमारी शक्ति
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपनी सेवायात्रा के दो वर्ष पूर्ण होने पर छत्तीसगढ़ की जनता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि बीते दो वर्ष शासन के नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और जनसहभागिता के वर्ष रहे हैं।

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपनी सेवायात्रा के दो वर्ष पूर्ण होने पर छत्तीसगढ़ की जनता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि बीते दो वर्ष शासन के नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और जनसहभागिता के वर्ष रहे हैं। यह अवधि उनके जीवन के सबसे महत्वपूर्ण वर्षों में से एक रही, क्योंकि इस दौरान उन्हें प्रदेशवासियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने और उनकी अपेक्षाओं को गहराई से समझने का अवसर मिला।
हर कोने तक विकास की रोशनी
मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा संदेश में कहा कि इन दो वर्षों में राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ के हर कोने तक विकास पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया है।
उन्होंने बताया कि किसानों की मेहनत को सम्मान दिलाने के लिए सुविधाओं का विस्तार किया गया, जिससे उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य समय पर मिल सके। कृषि को लाभकारी और सम्मानजनक पेशा बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं।
युवाओं के भविष्य पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए नई भर्तियों, कौशल प्रशिक्षण और औद्योगिक अवसरों के द्वार खोले गए हैं। रोजगार सृजन को केंद्र में रखकर योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है, ताकि प्रदेश का युवा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सके।
आदिवासी अंचलों में बदली तस्वीर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं का व्यापक विस्तार किया गया है। जिन इलाकों में कभी विकास की उम्मीदें धुंधली थीं, वहां अब नई संभावनाएं आकार ले रही हैं।
बहनों की सुरक्षा और स्वावलंबन
उन्होंने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए सरकार ने कई प्रभावी कदम उठाए हैं। इन प्रयासों से परिवारों और समाज में आत्मविश्वास का माहौल बना है।
जनता के और करीब आया शासन
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इन दो वर्षों में सबसे बड़ा परिवर्तन यह रहा कि शासन जनता के और अधिक निकट आया है। प्रशासन और आमजन के बीच की दूरी घटकर सहभागिता में बदल रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ आज विश्वास, स्थिरता और सुशासन के नए अध्याय की ओर अग्रसर है।
जनता से सहयोग की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस विकास यात्रा में अपने सुझावों, परिश्रम और विश्वास से सरकार का मार्गदर्शन करते रहें। उन्होंने कहा कि जनता की आस्था ही सरकार की सबसे बड़ी शक्ति और उज्ज्वल भविष्य की सच्ची गारंटी है।
आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ का लक्ष्य
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आने वाले वर्षों में सरकार की प्रतिबद्धता और भी मजबूत होगी। शिक्षा, रोजगार, कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्रों में तेज़ गति से कार्य किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का लक्ष्य एक आत्मनिर्भर और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण करना है, जहां हर युवा को अवसर, किसान को गर्व और प्रत्येक नागरिक को यह विश्वास हो कि शासन हमेशा उसके साथ खड़ा है।




