मध्य प्रदेश

टीकमगढ़ में सनसनी: सेप्टिक टैंक खाली करते ही सामने आई दो सगे भाइयों की लाशें

टीकमगढ़ की शिवनगर कॉलोनी में निर्माणाधीन मकान के खुले सेप्टिक टैंक में गिरने से दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत, सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा।

टीकमगढ़. टीकमगढ़ जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। शहर की शिवनगर कॉलोनी में एक निर्माणाधीन मकान के खुले सेप्टिक टैंक में गिरकर डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। मृतक बच्चों की पहचान 7 वर्षीय नरेंद्र और 5 वर्षीय आशीष के रूप में हुई है।

खेलते-खेलते निर्माणाधीन मकान में पहुंचे बच्चे

जानकारी के अनुसार, शिवनगर कॉलोनी में किराये के मकान में रहने वाले सचिन यादव के दोनों बच्चे शुक्रवार शाम करीब 4 बजे अपनी मां से खेलने की बात कहकर घर से निकले थे। खेलते-खेलते वे कॉलोनी में स्थित मुकुंद यादव के निर्माणाधीन मकान में चले गए, जहां खुले सेप्टिक टैंक में गिर जाने से यह हादसा हुआ।

सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा

जब देर शाम तक बच्चे घर नहीं लौटे तो चिंतित मां ने कॉलोनी में तलाश शुरू की। बच्चों का कोई सुराग न मिलने पर कॉलोनीवासियों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। एक फुटेज में दोनों बच्चे निर्माणाधीन मकान के अंदर जाते दिखाई दिए। इसके बाद जब पड़ोसी उस मकान में पहुंचे, तो सेप्टिक टैंक में दोनों बच्चों के शव पानी में तैरते मिले।

पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चों को सेप्टिक टैंक से बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दोनों भाइयों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे शव

पुलिस के अनुसार, शनिवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। इस दर्दनाक हादसे के बाद शिवनगर कॉलोनी सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button