कोलकाता में रफ्तार का महासंग्राम: चेप्टेगेई व अज़ीमेरा चैंपियन, गुलवीर–सीमा ने बनाया नया इतिहास
टाटा स्टील वर्ल्ड 25के कोलकाता में युगांडा के जोशुआ चेप्टेगेई ने पुरुष वर्ग का खिताब जीता, जबकि गुलवीर सिंह और सीमा ने नया भारतीय कोर्स रिकॉर्ड बनाकर इतिहास रच दिया।
कोलकाता. युगांडा के दिग्गज धावक जोशुआ चेप्टेगेई ने रविवार को यहां आयोजित टाटा स्टील वर्ल्ड 25के कोलकाता के 10वें संस्करण की पुरुष वर्ग की दौड़ जीत ली। वहीं, भारतीय धावक गुलवीर सिंह और महिला वर्ग में सीमा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नया भारतीय कोर्स रिकॉर्ड अपने नाम किया।
चेप्टेगेई का दमदार प्रदर्शन, पहली बार जीता खिताब
दो बार के ओलंपिक चैंपियन चेप्टेगेई ने रेस की शुरुआत से ही दबदबा बना लिया था। उन्होंने 1:11:49 (एक घंटा 11 मिनट 49 सेकेंड) का समय निकालते हुए पहली बार इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का खिताब जीता। तंजानिया के अल्फोंस फेलिक्स सियुम्बु 1:11:56 के समय के साथ दूसरे और लेसोथो के टेबेलो रामाकोंगोआना 1:11:59 के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
महिला वर्ग में डेगिटु अजीमेरा की जीत
अंतरराष्ट्रीय एलीट महिला वर्ग में इथियोपिया की डेगिटु अजीमेरा ने शुरू से अंत तक बढ़त बनाए रखते हुए बाजी मारी। उन्होंने 1:19:36 का समय लेकर खिताब जीता। मौजूदा चैंपियन सुतुमे असेफा केबेडे 1:20:28 के साथ दूसरे और उनकी हमवतन मेसेलेच अलेमायेहू 1:20:48 के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
गुलवीर सिंह ने तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड
भारतीय पुरुष वर्ग में गुलवीर सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1:12:06 का समय निकाला और अपना ही भारतीय कोर्स रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले उन्होंने 2024 में 1:14:10 का रिकॉर्ड बनाया था। हरमनजोत सिंह (1:15:11) दूसरे और सावन बरवाल (1:15:25) तीसरे स्थान पर रहे।
सीमा ने रचा नया इतिहास
भारतीय एलीट महिला वर्ग में सीमा ने 1:26:04 का समय निकालकर 2017 में सूर्या एल द्वारा बनाए गए 1:26:53 के भारतीय कोर्स रिकॉर्ड को तोड़ दिया। संजीवनी झाडव 1:30:34 के साथ दूसरे और निर्मबेन ठाकोर 1:32:02 के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।




