मामा का बर्थडे सेलिब्रेशन विदिशा में: कोचिंग सेंटर उद्घाटन के साथ छात्रों को मिला कैश इनाम
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने 67वें जन्मदिन को ‘प्रेम-सेवा संकल्प दिवस’ के रूप में मनाते हुए विदिशा में मामा चलित अस्पताल, फ्री कोचिंग क्लासेस और मेधावी छात्रों के लिए नकद पुरस्कार जैसी कई जनहित योजनाओं की शुरुआत करने का संकल्प लिया है।

भोपाल. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज 5 मार्च को अपना 67वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस अवसर को उन्होंने ‘प्रेम-सेवा संकल्प दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। अपने संसदीय क्षेत्र विदिशा में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान वे पर्यावरण, सेवा, सहयोग, शिक्षा और प्रतिभा प्रोत्साहन से जुड़े पांच बड़े संकल्प लेने जा रहे हैं।
शिवराज सिंह चौहान के कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार इस दिन कई सामाजिक और जनहित से जुड़ी योजनाओं की शुरुआत भी की जाएगी, जिनका उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।
उपहार नहीं, पौधा लगाने की अपील
मध्य प्रदेश में ‘मामा’ के नाम से लोकप्रिय शिवराज सिंह चौहान ने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे जन्मदिन पर माला, गुलदस्ता, शॉल या अन्य उपहार लेकर न आएं। इसके बजाय उन्होंने सभी से एक पौधा लगाने और उसकी तस्वीर क्यूआर कोड के माध्यम से पोर्टल पर अपलोड करने का आग्रह किया है।
इस अभियान के तहत पौधा लगाने वाले लोग ‘शिव वृक्ष मित्र’ के रूप में जुड़ सकेंगे। उनका कहना है कि पर्यावरण संरक्षण के लिए यह छोटा कदम भविष्य की पीढ़ियों के लिए बड़ा योगदान होगा।
मेधावी छात्रों को मिलेगा ‘प्रेम-सुंदर प्रतिभा सम्मान’
शिवराज सिंह चौहान ने अपने माता-पिता की स्मृति में ‘प्रेम-सुंदर प्रतिभा सम्मान’ शुरू करने की घोषणा की है। इस योजना के तहत विदिशा लोकसभा क्षेत्र की आठों विधानसभा क्षेत्रों में 10वीं और 12वीं कक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को क्रमशः 51,000, 31,000 और 21,000 रुपये की नकद राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा लोकसभा स्तर पर शीर्ष तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों के लिए ‘मामा चलित अस्पताल’
ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से शिवराज सिंह चौहान ‘मामा चलित अस्पताल’ की शुरुआत भी करेंगे। यह मोबाइल अस्पताल विदिशा लोकसभा क्षेत्र की सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों में संचालित होंगे।
इन वाहनों में आधुनिक जांच सुविधाएं और चिकित्सकों की टीम उपलब्ध रहेगी, जो गांव-गांव जाकर लोगों को निशुल्क इलाज और स्वास्थ्य परामर्श देगी। इस पहल का संचालन सांसद निधि और जनसहयोग से किया जाएगा।
फ्री कोचिंग क्लासेस की भी शुरुआत
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए विदिशा, रायसेन और भैरुंदा में ‘मामा कोचिंग क्लासेस’ शुरू की जाएंगी। इन केंद्रों पर बैंकिंग, एसएससी, एमपीपीएससी, डीआरडीओ और वन सेवा जैसी परीक्षाओं की मुफ्त तैयारी कराई जाएगी। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन और अवसर प्रदान करना है।
दिव्यांगजनों को मिलेंगी मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल
विदिशा क्षेत्र में दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके तहत पात्र दिव्यांगजनों की पहचान कर उन्हें मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल प्रदान की जाएगी, ताकि वे बिना किसी पर निर्भर हुए आसानी से आवागमन कर सकें।




