राष्ट्रपति भवन के डिनर में शशि थरूर की एंट्री, पुतिन के सामने राजनीति भी हुई गरम
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सम्मान में शुक्रवार रात राष्ट्रपति भवन में आयोजित आधिकारिक डिनर में कांग्रेस सांसद शशि थरूर भी शामिल हुए।
नई दिल्ली. रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सम्मान में शुक्रवार रात राष्ट्रपति भवन में आयोजित आधिकारिक डिनर में कांग्रेस सांसद शशि थरूर भी शामिल हुए। इस डिनर को लेकर खासा राजनीतिक चर्चा इसलिए भी हुई, क्योंकि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को इस कार्यक्रम का न्योता नहीं मिला। डिनर में शामिल होने के बाद शशि थरूर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि कार्यक्रम का माहौल बेहद अच्छा और दिलचस्प रहा।
शशि थरूर ने एक्स पर लिखा, “कल रात प्रेसिडेंट पुतिन के सम्मान में राष्ट्रपति भवन के बैंक्वेट डिनर में शामिल हुआ। माहौल बहुत अच्छा और दिलचस्प था। कई लोगों से बातचीत का अवसर मिला, विशेष तौर पर रशियन डेलीगेशन के उन सदस्यों के साथ, जो मेरे साथ डिनर टेबल पर थे।”
राष्ट्रपति पुतिन दो दिवसीय भारत दौरे पर गुरुवार शाम नई दिल्ली पहुंचे थे। पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर उनके लिए निजी डिनर आयोजित किया गया था, जबकि दूसरे दिन भारत और रूस के बीच कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। शुक्रवार शाम राष्ट्रपति भवन में आधिकारिक डिनर के बाद उसी रात पुतिन अपने देश रवाना हो गए।
कांग्रेस में मचा बवाल, न्योते पर उठे सवाल
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि लोकसभा और राज्यसभा दोनों में विपक्ष के नेता—राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे—को राष्ट्रपति पुतिन के सम्मान में आयोजित आधिकारिक डिनर में आमंत्रित नहीं किया गया। उन्होंने एक्स पर लिखा था कि दोनों नेताओं को कार्यक्रम से बाहर रखा गया है।
इसी मुद्दे पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने भी सवाल खड़े किए। उन्होंने शशि थरूर को बुलाए जाने पर हैरानी जताते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। पवन खेड़ा ने कहा, “हर किसी की अंतरात्मा की आवाज होती है। जब बड़े विपक्षी नेता गेस्ट लिस्ट में नहीं होते और किसी एक सांसद को बुलाया जाता है, तो यह समझना जरूरी हो जाता है कि यह खेल क्यों खेला जा रहा है।”
इस पर शशि थरूर ने संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि उन्हें न्योता मिला है और वह कार्यक्रम में जरूर शामिल होंगे।




