BMC चुनाव से पहले मतदाता सूची विवाद, संजय राउत बोले—लोकतंत्र से खिलवाड़
बीएमसी चुनाव नतीजों पर संजय राउत का बड़ा हमला—वोटर लिस्ट गड़बड़ी, EVM खराबी और आचार संहिता उल्लंघन का आरोप। जानें मुंबई चुनाव से जुड़ी पूरी खबर।

मुंबई. शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने शुक्रवार को बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) चुनावों को लेकर गंभीर आरोप लगाए। नतीजों के दिन आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने वोटर लिस्ट में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) में खराबी और आचार संहिता के उल्लंघन का दावा किया।
राउत ने कहा कि मुंबई में सामने आया वोटिंग पैटर्न बेहद गंभीर है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन इलाकों में शिवसेना (UBT), महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) और कांग्रेस का पारंपरिक समर्थन रहा है, वहां वोटर लिस्ट से हजारों मतदाताओं के नाम गायब पाए गए। उल्लेखनीय है कि बीएमसी चुनाव में भाजपा गठबंधन को बड़ी जीत मिली है और करीब तीन दशकों बाद देश के सबसे अमीर नगर निगम से शिवसेना (UBT) बाहर हो गई।
उन्होंने कहा, “हजारों लोगों के नाम, जिन्होंने विधानसभा चुनावों में भी मतदान किया था, वोटर लिस्ट से गायब हैं। यह खासतौर पर उन्हीं इलाकों में हुआ है जहां शिवसेना (UBT), MNS या कांग्रेस के वोट ज्यादा होते हैं।”
EVM खराबी और शिकायतों की अनदेखी का आरोप
संजय राउत ने दावा किया कि कई मतदान केंद्रों पर EVM में खराबी सामने आई। उन्होंने कहा, “जहां राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के लिए बटन दबाया गया, वहां भारतीय जनता पार्टी की लाइट जल गई। शिवसेना (UBT) के जलती मशाल और MNS के इंजन चिन्ह के साथ भी ऐसा ही हुआ।” उन्होंने आरोप लगाया कि इन मुद्दों को लेकर चुनाव आयोग से बार-बार शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
आचार संहिता उल्लंघन पर सवाल
राउत ने सीनियर भाजपा नेताओं और मुंबई म्युनिसिपल कमिश्नर भूषण गगरानी की बैठक पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “कल शाम करीब 6 बजे वरिष्ठ भाजपा नेताओं और म्युनिसिपल कमिश्नर के बीच डेढ़ घंटे की मीटिंग हुई। जब आचार संहिता लागू है, तो यह बैठक क्यों हुई? क्या नतीजे पहले से तय कर लिए गए थे?”
एग्जिट पोल के समय पर भी उठाए सवाल
उन्होंने आरोप लगाया कि आधिकारिक मतदान प्रतिशत घोषित होने से पहले ही एग्जिट पोल जारी कर दिए गए। राउत के अनुसार, “कुछ जगहों पर वोटिंग जारी थी, लेकिन भाजपा से जुड़े मीडिया आउटलेट्स ने एग्जिट पोल जारी करना शुरू कर दिया और भाजपा नेताओं ने जीत का जश्न मनाना शुरू कर दिया। यह किस तरह का लोकतंत्र है?”
उद्धव ठाकरे ने भी जताई थी चिंता
इससे पहले गुरुवार को शिवसेना (UBT) प्रमुख और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव 2026 को लेकर वोटर लिस्ट, मिटने वाली स्याही और पुरानी EVM मशीनों पर सवाल उठाए थे। उन्होंने चुनाव आयोग पर इन मुद्दों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया था।
बीएमसी चुनाव: रुझान
मतगणना शुक्रवार सुबह शुरू होने के बाद रुझानों के अनुसार, बीएमसी के 227 वार्डों में—
- भाजपा: 88 वार्ड
- शिवसेना: 28 वार्ड
- शिवसेना (UBT): 73 वार्ड
- कांग्रेस: 8 वार्ड
- MNS: 7 वार्ड




