मध्य प्रदेश

बेखौफ स्टंटबाज़ी: बाइक पर कपल का खतरनाक कारनामा, नियमों को ठेंगा

सागर जिले में बाइक पर युवक-युवती के खतरनाक स्टंट का वीडियो वायरल, ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर पुलिस कार्रवाई की उठी मांग।

सागर. मध्य प्रदेश के सागर जिले में बाइक चलाते हुए युवक और युवती के खतरनाक स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल फुटेज में युवती बाइक की पिछली सीट पर बैठने के बजाय आगे उल्टी दिशा में बैठी नजर आ रही है, जबकि उसका चेहरा पीछे की ओर घूमा हुआ है।

अतरंगी बाइक राइड बनी चर्चा का विषय

आमतौर पर बाइक पर युवक-युवती आगे-पीछे बैठकर यात्रा करते हैं, लेकिन इस मामले में दोनों ने असामान्य और जोखिमभरी मुद्रा में बाइक चलाई। यही कारण है कि यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर चर्चा का विषय बन गया और बड़ी संख्या में लोग इसे शेयर कर रहे हैं।

बॉयफ्रेंड को झप्पी डालकर बैठी दिखी युवती

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवती बाइक चला रहे युवक को झप्पी डालकर बैठी है। सड़क पर साथ चल रहे राहगीरों ने इस खतरनाक स्टंट को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जिसके बाद यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया।

जरुआखेड़ा–जलंधर रोड का बताया जा रहा वीडियो

बताया जा रहा है कि यह वीडियो जरुआखेड़ा–जलंधर रोड का है। वीडियो में युवक युवती को आगे उल्टा बैठाकर बाइक चलाता नजर आ रहा है। युवती ने अपना चेहरा कपड़े से ढक रखा है, ताकि उसकी पहचान सार्वजनिक न हो सके।

राहगीरों ने रोका, लेकिन नहीं मानी बात

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर मौजूद कई लोगों ने इस खतरनाक तरीके से बाइक चलाने पर युवक-युवती को रोकने की कोशिश की, लेकिन दोनों ने उनकी बातों को नजरअंदाज कर दिया। ऐसे में सवाल उठता है कि ट्रैफिक और सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले इस मामले पर पुलिस कब संज्ञान लेगी।

सड़क पर स्टंटबाजी पर क्या कहता है कानून

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में सड़क पर स्टंटबाजी को लेकर सख्त प्रावधान हैं। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत दोषी पाए जाने पर भारी जुर्माना, ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन और गिरफ्तारी तक का प्रावधान है। इसके अलावा, IPC की धाराओं के तहत भी कार्रवाई की जा सकती है। 1 जनवरी 2026 से लागू नए नियमों के अनुसार, बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ने पर ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड किया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button