रेलवे का बड़ा अपग्रेड: अब जनरल डिब्बे चमकेंगे, AI से होगी मॉनिटरिंग
रेलवे रिफॉर्म प्लान 2026 के तहत 52 हफ्तों में 52 सुधार लागू होंगे। ट्रेनों की साफ-सफाई के लिए एआई मॉनिटरिंग, हर घंटे क्लीनिंग और जनरल कोच तक विशेष अभियान चलाया जाएगा, किराया नहीं बढ़ेगा।

नई दिल्ली. रेल मंत्री ने रेलवे रिफॉर्म प्लान 2026 के तहत 52 हफ्तों में 52 बड़े सुधार लागू करने की घोषणा की है। पहले चरण में ट्रेनों की साफ-सफाई को प्राथमिकता देते हुए सभी कोचों में व्यापक क्लीनिंग अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए हर जोन की 4 से 5 ट्रेनों को शामिल किया जाएगा।
लंबी दूरी की 80 ट्रेनों के एसी और जनरल कोच होंगे कवर
योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। इसके तहत लंबी दूरी की करीब 80 ट्रेनों के एसी कोचों के साथ-साथ जनरल कोचों में भी सफाई व्यवस्था लागू होगी। इस दौरान –
- टॉयलेट और डस्टबिन की सफाई
- कोच की हाइजीन में सुधार
- तकनीकी और मैकेनिकल जांच भी सुनिश्चित की जाएगी।
एआई से होगी रियल टाइम मॉनिटरिंग
- सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए तकनीक का सहारा लिया जाएगा।
- एआई आधारित तस्वीरें कंट्रोल रूम में भेजी जाएंगी
- रियल टाइम मॉनिटरिंग होगी
- मानकों में कमी पर वेंडर पर कार्रवाई
- बेहतर प्रदर्शन पर ही आगे कॉन्ट्रैक्ट
- पीक आवर में अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती भी की जाएगी।
किराया नहीं बढ़ेगा, हर घंटे होगी सफाई
रेल मंत्री ने स्पष्ट किया कि इस व्यवस्था से रेलवे पर अतिरिक्त खर्च आएगा, लेकिन यात्रियों के किराए में किसी तरह की बढ़ोतरी नहीं की जाएगी। लंबी दूरी की ट्रेनों के सभी कोचों में हर घंटे सफाई सुनिश्चित की जाएगी।
जनरल कोच के लिए रूट बेस्ड टीमें
इस अभियान के तहत इंटीग्रेटेड मॉनिटरिंग सिस्टम लगाया जाएगा। अगर जनरल कोच सिस्टम से कनेक्ट नहीं होगा तो स्टाफ स्टेशन पर उतरकर सफाई करेगा। इसके लिए रूट आधारित टीमें तैनात रहेंगी, जो तय मार्ग पर लगातार काम करेंगी।




