मध्य प्रदेश

Budget 2026 का बड़ा धमाका: MP के रेलवे नेटवर्क पर ₹7500 करोड़, इस मंडल को मिला खास तोहफा

Railway Budget 2026 में यात्रियों की सुरक्षा पर जोर, कवच सिस्टम को रफ्तार, गेज कन्वर्जन और सिग्नलिंग पर बढ़ा बजट; पिंक बुक से ग्वालियर को मिलने वाली सौगातों का होगा खुलासा।

ग्वालियर. देश के आम बजट के साथ Railway Budget 2026 भी पेश किया गया, जिसमें रेल यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। रेल हादसों को रोकने के लिए प्रमुख रेल मार्गों पर कवच (Automatic Train Protection System) लगाने के काम को तेज किया जाएगा। रेल अधिकारियों के मुताबिक, इस सिस्टम के व्यापक विस्तार से रेल दुर्घटनाओं की आशंका काफी हद तक कम होगी।

गेज कन्वर्जन और सिग्नलिंग पर बढ़ा खर्च

रेल बजट में इस बार गेज कन्वर्जन के लिए आवंटन 4,284 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 4,600 करोड़ रुपये कर दिया गया है। वहीं, सिग्नलिंग और टेलीकॉम सिस्टम को मजबूत करने के लिए 7,500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस राशि में कवच सुरक्षा प्रणाली भी शामिल है।

क्या है ऑटोमेटिक ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम (कवच)

रेल अधिकारियों के अनुसार, ऑटोमेटिक ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम एक आधुनिक सुरक्षा कवच है, जिस पर वर्ष 2012 से लगातार काम किया जा रहा है। इस सिस्टम को अनुसंधान, अभिकल्प एवं मानक संगठन (RDSO) द्वारा विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य ट्रेनों की टक्कर, सिग्नल जंपिंग जैसी घटनाओं को रोकना और रेल दुर्घटनाओं में कमी लाना है।

पिंक बुक से सामने आएंगी ग्वालियर को मिलने वाली सौगातें

ग्वालियर, आगरा और झांसी सहित अन्य स्टेशनों को रेल बजट में क्या-क्या सौगातें मिली हैं, इसका खुलासा पिंक बुक जारी होने के बाद होगा। रेल अधिकारियों के मुताबिक, पिंक बुक के 2 फरवरी को जारी होने की उम्मीद है। झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह के अनुसार, पिंक बुक जारी होने के बाद यह स्पष्ट होगा कि उत्तर मध्य रेलवे (NCR) को कितना बजट मिला है और उसमें ग्वालियर को कौन-कौन सी नई सुविधाएं प्राप्त होंगी।

जिले को मिल सकता है बजट का सीधा लाभ

पशु चिकित्सकों की नियुक्ति: केंद्र सरकार ने बजट में 20 हजार से अधिक पशु डॉक्टरों की उपलब्धता का प्रावधान किया है। जिले में पशु चिकित्सकों की भारी कमी को देखते हुए इससे ग्वालियर को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

महिला छात्रावास: वीजीएफ/पूंजीगत सहायता के माध्यम से प्रत्येक जिले में एक महिला छात्रावास बनाए जाने का प्रावधान है, जिससे ग्वालियर को भी नई सुविधा मिल सकती है।

एवीजीसी कंटेंट क्रिएटर लैब: बजट में 15,000 माध्यमिक विद्यालयों और 500 महाविद्यालयों में एवीजीसी कंटेंट क्रिएटर प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी। ग्वालियर जिले में भी दो माध्यमिक विद्यालयों और एक महाविद्यालय में ऐसी लैब खुलने की संभावना है।

उच्च शिक्षा में महिला छात्रावास: ग्वालियर जिले के उच्च शिक्षा एसटीईएम संस्थानों में भी महिला छात्रावास बनाए जाने का प्रावधान किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button