क्विंटन डिकॉक का भारत के खिलाफ सातवां शतक, जयसूर्या का ऐतिहासिक वर्ल्ड रिकॉर्ड किया ध्वस्त
विशाखापत्तनम में खेले जा रहे इस मुकाबले में डिकॉक ने सिर्फ 80 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और भारत के खिलाफ वनडे क्रिकेट में अपना सातवां शतक जमाया।

विशाखापत्तनम. दक्षिण अफ्रीका के स्टार ओपनर क्विंटन डिकॉक ने भारत के खिलाफ तीसरे वनडे में शानदार शतक जड़कर इतिहास रच दिया। विशाखापत्तनम में खेले जा रहे इस मुकाबले में डिकॉक ने सिर्फ 80 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और भारत के खिलाफ वनडे क्रिकेट में अपना सातवां शतक जमाया। शुरुआती दो मैचों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके डिकॉक ने इस पारी से जोरदार वापसी की।
भारत के खिलाफ डिकॉक का रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। उन्होंने अब तक टीम इंडिया के खिलाफ नौ बार 50 से अधिक रन बनाए हैं, जिनमें से सात बार उन्होंने उसे शतक में तब्दील किया है।
जयसूर्या का रिकॉर्ड टूटा, 24 पारियों में 7 शतक
इस शतक के साथ ही क्विंटन डिकॉक ने श्रीलंका के दिग्गज बल्लेबाज सनथ जयसूर्या का बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। इससे पहले भारत के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड जयसूर्या के नाम था, जिन्होंने 85 पारियों में 7 शतक लगाए थे।
डिकॉक ने यह कारनामा महज 24 पारियों में सात शतक लगाकर कर दिखाया, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
टॉस जीतकर भारत ने चुनी गेंदबाजी, 20 मैचों का सूखा खत्म
इससे पहले केएल राहुल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इसके साथ ही भारतीय टीम का वनडे में लगातार 20 मैचों तक टॉस हारने का सिलसिला टूट गया।
टीम इंडिया ने प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव करते हुए वॉशिंगटन सुंदर की जगह तिलक वर्मा को अंतिम एकादश में शामिल किया। वहीं दक्षिण अफ्रीका की टीम में नांद्रे बर्गर और टोनी डी जॉर्जी के चोटिल होने के कारण रयान रेकलटन और ओटनील बार्टमैन को मौका दिया गया।
सीरीज 1-1 से बराबर, तीसरा वनडे बना निर्णायक
- तीन मैचों की वनडे सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबरी पर है।
- भारत ने रांची में पहला वनडे 17 रन से जीता था,
- जबकि दक्षिण अफ्रीका ने रायपुर में दूसरा वनडे चार विकेट से अपने नाम किया था।
- ऐसे में विशाखापत्तनम का तीसरा वनडे सीरीज का फैसला करने वाला मुकाबला बन गया है।




