देश

पीएम मोदी का विपक्ष पर तंज: BMC जीते मुंबई में, जश्न मनाया काजीरंगा में

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के कालियाबोर में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला किया। उन्होंने भाजपा की चुनावी सफलताओं, नॉर्थ ईस्ट के विकास, और काजीरंगा में राइनो संरक्षण की उपलब्धियों को रेखांकित किया।

नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के कालियाबोर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूरे देश में लोगों की पहली पसंद बन चुकी है और बीते एक-डेढ़ वर्षों में पार्टी पर जनता का भरोसा लगातार मजबूत हुआ है।

प्रधानमंत्री ने हालिया चुनावी नतीजों का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार में 20 वर्षों बाद भी भाजपा को रिकॉर्ड वोट और सीटें मिली हैं। वहीं, महाराष्ट्र के बड़े शहरों में हुए निकाय चुनावों में भी भाजपा को ऐतिहासिक जनादेश प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि मुंबई जैसे विश्व के सबसे बड़े नगर निगमों में से एक में पहली बार भाजपा को रिकॉर्ड समर्थन मिला है।
प्रधानमंत्री के शब्दों में, “जीत मुंबई में हो रही है और जश्न काजीरंगा में मनाया जा रहा है।”

जनादेश का स्पष्ट संदेश: गुड गवर्नेंस और विकास

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हाल के सभी चुनाव परिणामों से यह साफ है कि देश का मतदाता आज सुशासन, विकास और विरासत—तीनों को साथ लेकर चलने वाली राजनीति चाहता है। इसी कारण वह भाजपा को समर्थन दे रहा है।

उन्होंने कांग्रेस की राजनीति पर निशाना साधते हुए कहा कि देश लगातार उसकी नकारात्मक सोच को नकार रहा है। “जिस मुंबई शहर में कांग्रेस का जन्म हुआ था, वहां आज वह चौथे या पांचवें नंबर की पार्टी बनकर रह गई है,” उन्होंने कहा।

नॉर्थ ईस्ट के विकास पर जोर

नॉर्थ ईस्ट के विकास को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र की सबसे बड़ी पीड़ा हमेशा दूरी की रही है—दिलों की दूरी और भौगोलिक दूरी। दशकों तक यहां के लोगों को लगता रहा कि देश का विकास कहीं और हो रहा है और वे पीछे छूट रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस सोच को बदलने का काम भाजपा सरकार ने किया। डबल इंजन की सरकार ने सड़क, रेल, हवाई और जलमार्ग—चारों माध्यमों से असम और नॉर्थ ईस्ट को जोड़ने को प्राथमिकता दी।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस शासन के दौरान असम को जहां लगभग 2,000 करोड़ रुपये का रेल बजट मिलता था, वहीं भाजपा सरकार में इसे बढ़ाकर लगभग 10,000 करोड़ रुपये वार्षिक कर दिया गया है।

प्रकृति संरक्षण से रोजगार और समृद्धि

प्रधानमंत्री मोदी ने काजीरंगा नेशनल पार्क का उदाहरण देते हुए कहा कि जब प्रकृति सुरक्षित होती है, तो उसके साथ अवसर भी पैदा होते हैं। बीते वर्षों में काजीरंगा में पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे होम-स्टे, गाइड सेवाओं, परिवहन, हस्तशिल्प और छोटे व्यवसायों के माध्यम से स्थानीय युवाओं को नए रोजगार मिले हैं।

उन्होंने राइनो संरक्षण का जिक्र करते हुए कहा कि 2013-14 में एक सींग वाले गैंडों के शिकार की घटनाएं बड़ी चिंता थीं। भाजपा सरकार ने सख्त कदम उठाते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की, वन विभाग को आधुनिक संसाधन दिए और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाई। इसका सकारात्मक परिणाम यह रहा कि 2025 में राइनो शिकार की एक भी घटना सामने नहीं आई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button