मध्य प्रदेश

बिना संगठन नहीं संभव सामाजिक प्रगति—राज्य मंत्री गौर का संदेश

भोपाल में पिछड़ा वर्ग महापंचायत के स्थापना दिवस पर राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने संगठन की भूमिका, शिक्षा, छात्रवृत्ति और विदेश रोजगार योजना 2025 पर सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

भोपाल. आज हम सभी एक अत्यंत पावन और महत्वपूर्ण अवसर पर एकत्रित हुए हैं। यह केवल एक संगठन की स्थापना का दिन नहीं, बल्कि सामूहिक संकल्प, एकता और संघर्ष की विजय का प्रतीक है। यह उद्गार पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने हिंदी भवन में आयोजित पिछड़ा वर्ग महापंचायत के स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।

संगठन ही समाज की प्रगति का आधार

राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति के लिए उसका संगठित होना अनिवार्य है। पिछड़ा वर्ग महापंचायत ने पिछले वर्षों में पिछड़े वर्ग के हितों की रक्षा करने और उनकी आवाज को सरकार तक पहुंचाने में सेतु की भूमिका निभाई है।

विदेश रोजगार योजना 2025 को मिली मंजूरी

राज्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में मंत्रिपरिषद ने पिछड़ा वर्ग के युवाओं के लिए ‘विदेश रोजगार योजना 2025’ को मंजूरी दी है। इस योजना के अंतर्गत हर वर्ष 600 युवाओं को अंतरराष्ट्रीय बाजार की मांग के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर विदेश में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

शिक्षा और छात्रवृत्ति पर सरकार का विशेष फोकस

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पिछड़ा वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। बीते डेढ़ वर्ष में माननीय मुख्यमंत्री द्वारा पिछड़े वर्गों के हित में ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। मुख्यमंत्री का मुख्य फोकस पिछड़ा वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना और उन्हें आर्थिक सहायता देना है। इसी दृष्टि से ओबीसी वर्ग के विद्यार्थियों को लगातार छात्रवृत्तियां प्रदान की जा रही हैं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित

इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग महापंचायत के प्रदेश अध्यक्ष राजेश विश्वकर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री चिंतामणि राठौर, भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष श्याम ट्रेलर, पवन पाटीदार सहित प्रदेशभर के जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button