व्यापार

पहली उड़ान, पहली सलामी: नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट का भव्य आगाज़

नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कमर्शियल उड़ानों की शुरुआत। इंडिगो की पहली फ्लाइट ने बेंगलुरु से की लैंडिंग, वॉटर कैनन सल्यूट से स्वागत। जानिए क्षमता, लागत और भविष्य की योजनाएं।

नई दिल्ली. नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NMIA) गुरुवार सुबह से वाणिज्यिक उड़ानों के संचालन के लिए समर्पित कर दिया गया। इस ऐतिहासिक मौके पर एयरपोर्ट पर पहली कमर्शियल फ्लाइट की लैंडिंग हुई। बेंगलुरु से आई इंडिगो की फ्लाइट का वॉटर कैनन सल्यूट के साथ भव्य स्वागत किया गया।

पहली लैंडिंग, ऐतिहासिक पल

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहली कमर्शियल फ्लाइट की सफल लैंडिंग हुई। इंडिगो एयरलाइंस की यह उड़ान बेंगलुरु से नवी मुंबई पहुंची, जो इस एयरपोर्ट के कमर्शियल ऑपरेशन की औपचारिक शुरुआत मानी जा रही है। इस अवसर पर गौतम अडाणी भी एयरपोर्ट पर मौजूद रहे।

मुंबई के लिए एविएशन में नया अध्याय

NMIA का संचालन शुरू होना मुंबई के लिए केवल एविएशन इंडस्ट्री का मील का पत्थर नहीं है, बल्कि उन यात्रियों के लिए भी भावनात्मक क्षण है, जो कमर्शियल ऑपरेशन के पहले ही दिन इस ऐतिहासिक सफर का हिस्सा बने।

उद्घाटन से संचालन तक का सफर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 अक्टूबर को नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया था। महाराष्ट्र के सिडको ने वर्ष 1997 में मुंबई के मुख्य हवाई अड्डे के विकल्प के रूप में इस एयरपोर्ट की परिकल्पना की थी। यह सपना 21 साल बाद साकार होने लगा, जब प्रधानमंत्री मोदी ने 2018 में इसकी आधारशिला रखी।

अडाणी समूह की भूमिका

अडाणी एयरपोर्ट्स होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL), जो अडाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड की सहायक कंपनी है, वर्ष 2021 से इस ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे के विकास, निर्माण और परिचालन की जिम्मेदारी संभाल रही है। नवी मुंबई एयरपोर्ट को मुंबई का नया “एयर गेटवे” भी कहा जा रहा है।

पहले चरण की क्षमता और लागत

शुरुआती चरण में नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 15 घरेलू उड़ानें संचालित होंगी। पहले ही दिन एयरलाइंस 9 भारतीय शहरों को इस नए एयरपोर्ट से जोड़ेंगी, जिसके तहत करीब 12 घंटे की उड़ानें संचालित की जाएंगी।

एयरपोर्ट का पहला चरण 19,650 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ है, जो 1,160 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला है। इस चरण में एक टर्मिनल और एक रनवे शामिल है, जिसकी वार्षिक यात्री क्षमता 20 मिलियन है।

भविष्य की योजना

नवी मुंबई एयरपोर्ट के सभी पांच चरण पूरे होने के बाद यहां कार्गो टर्मिनल, मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी और आधुनिक सुविधाओं के साथ प्रति वर्ष 9 करोड़ यात्रियों को संभालने की क्षमता विकसित की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button