म्यूज़िक, डांस और तभी आग का तांडव! गोवा नाइट क्लब हादसे का डरावना VIDEO वायरल
गोवा के प्रसिद्ध नाइटक्लब ‘Birch By Romeo Lane’ में शनिवार देर रात भीषण आग लगने से भारी तबाही मच गई। क्लब के अंदर करीब 100 पर्यटक ‘बॉलीवुड बैंगर नाइट’ का आनंद ले रहे थे, तभी अचानक डांस फ्लोर के पास आग भड़क उठी।

नई दिल्ली. गोवा के प्रसिद्ध नाइटक्लब ‘Birch By Romeo Lane’ में शनिवार देर रात भीषण आग लगने से भारी तबाही मच गई। क्लब के अंदर करीब 100 पर्यटक ‘बॉलीवुड बैंगर नाइट’ का आनंद ले रहे थे, तभी अचानक डांस फ्लोर के पास आग भड़क उठी। चंद मिनटों में पूरी जगह धुएं और आग की चपेट में आ गई।
स्टेज पर डांसर परफॉर्म कर रही थी, पीछे से भड़की आग
घटना का जो वीडियो सामने आया है, उसमें देखा जा सकता है कि एक डांसर स्टेज पर परफॉर्म कर रही थी, तभी उसके पीछे कंसोल के पास आग लग गई। शुरुआत में स्टाफ ने स्थिति को संभालने की कोशिश करते हुए केवल लैपटॉप हटाया और लोगों को ज्यादा खतरा महसूस नहीं हुआ। लेकिन जैसे ही आग ने तेज़ी से फैलना शुरू किया, क्लब में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागने लगे।
तेज़ी से फैली आग, किचन में फंसे कई लोग
जैसे-जैसे आग छत तक फैलती गई, संगीतकार और स्टाफ अपने-अपने स्थान छोड़कर सुरक्षित जगह की ओर निकलने लगे। कुछ पर्यटक बाहर निकलने में कामयाब हुए, लेकिन कई लोग नीचे बने किचन की ओर भागे और वहीं फंस गए। बाद में इनमें से कई लोगों की दम घुटने से मौत हो गई।
रात 1 बजे लगी आग, 25 शव बरामद
आग रात करीब 1 बजे लगी थी। जब तक दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया, तब तक 25 शव बरामद किए जा चुके थे। मृतकों में पर्यटक और क्लब कर्मचारी दोनों शामिल हैं। इस हादसे में 6 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जबकि कई शवों की पहचान अभी बाकी है।
संकरी गली बनी रेस्क्यू में सबसे बड़ी बाधा
आग बुझाने में सबसे बड़ी परेशानी यह रही कि क्लब तक पहुंचने वाली गली बेहद संकरी थी। दमकल की गाड़ियां सीधे क्लब तक नहीं पहुंच सकीं और उन्हें करीब 400 मीटर दूर खड़ा करना पड़ा। इससे रेस्क्यू ऑपरेशन में देरी हुई और नुकसान बढ़ गया।
क्लब की एंट्री और एग्जिट भी बेहद संकरी थी। एक साथ बड़ी संख्या में लोग बाहर नहीं निकल सके और अंदर धुआं भरते ही कई लोगों का दम घुट गया।
सीएम प्रमोद सावंत बोले – यह बेहद दुखद दिन
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने इस घटना को बेहद दुखद करार देते हुए बताया कि प्राथमिक जांच में आग ऊपरी मंजिल से शुरू हुई थी। संकरे दरवाजों की वजह से कई लोग बाहर नहीं निकल पाए। जो लोग नीचे की ओर गए, उन्हें हवा नहीं मिल सकी और उनकी मौत हो गई।
सरकार ने इस मामले में मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। होटल के जनरल मैनेजर और मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और गिरफ्तारी वारंट भी जारी किए गए हैं। सीएम ने पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता का भी ऐलान किया।
पीएम मोदी ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित लोगों को हर संभव मदद प्रदान कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शी का बयान: नीचे भागे लोग वहीं फंस गए
हैदराबाद की पर्यटक फातिमा शेख ने बताया कि आग लगते ही माहौल अचानक हड़कंप में बदल गया। लोग इधर-उधर भागने लगे। कुछ लोग नीचे की ओर भागे और वहीं फंस गए। उन्होंने यह भी बताया कि क्लब में पाम के पत्तों से बनी अस्थायी संरचनाएं थीं, जिनमें आग तेजी से फैल गई।
क्लब के अनधिकृत निर्माण पर उठे सवाल
अरपोरा-नगोआ पंचायत के सरपंच रोशन रेडकर ने बताया कि क्लब के पार्टनर्स के बीच पहले से ही विवाद चल रहा था और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायतें दर्ज कराई जा चुकी थीं।
पंचायत की जांच में पाया गया था कि क्लब को निर्माण की अनुमति नहीं मिली थी, जिसके बाद ढहाने का नोटिस भी जारी किया गया था। हालांकि, उच्च अधिकारियों के हस्तक्षेप से उस पर रोक लग गई थी। सरपंच ने कहा कि कई स्तरों पर नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था और अब प्रशासन को पहले से ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है।




