सीधी में शिक्षा के नाम पर करोड़ों का खेल! सरकारी टीचर के पास मिली 4.36 करोड़ की संपत्ति
आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) रीवा की टीम ने शुक्रवार तड़के शासकीय शिक्षक अभिमन्यु सिंह के ठिकानों पर छापामार कार्रवाई की। 6 सदस्यीय टीम ने सुबह करीब 5 बजे एक साथ तीन स्थानों पर दबिश दी।
सीधी। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) रीवा की टीम ने शुक्रवार तड़के शासकीय शिक्षक अभिमन्यु सिंह के ठिकानों पर छापामार कार्रवाई की। 6 सदस्यीय टीम ने सुबह करीब 5 बजे एक साथ तीन स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई पटेल पुल स्थित आवास और मड़वास में बने दो अन्य मकानों पर की गई।
कुसमी विकासखंड के शासकीय हाई स्कूल खोखरा में पदस्थ शिक्षक अभिमन्यु सिंह पर अपने सरकारी कार्यकाल में आय से कई गुना अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।
27 साल की नौकरी, करोड़ों की संपत्ति
ईओडब्ल्यू की प्रारंभिक जांच के अनुसार वर्ष 1998 से फरवरी 2025 तक की अवधि में उनकी वैध आय के आधार पर कुल संपत्ति लगभग 57.28 लाख रुपये होनी चाहिए थी, जबकि जांच टीम को 4.36 करोड़ रुपये की बेहिसाब संपत्ति का पता चला है। आय और संपत्ति में इस भारी अंतर के बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दस्तावेज और बैंक रिकॉर्ड खंगाल रही टीम
शिक्षक के घर पर ईओडब्ल्यू की कार्रवाई देर शाम तक जारी रही। इस दौरान टीम ने महत्वपूर्ण दस्तावेज, बैंक खातों का ब्योरा और प्रॉपर्टी से जुड़े रिकॉर्ड जब्त किए हैं।
सूत्रों के अनुसार अब इन सभी दस्तावेजों के आधार पर आय के स्रोत, निवेश और संपत्तियों की वैधता की गहन जांच की जाएगी।




