सीएम योगी का बयान: नितिन नबीन में दिखती है युवा भारत की ताकत
मथुरा में सीएम योगी आदित्यनाथ ने भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ ‘मन की बात’ सुनी। ब्रज भूमि से यूपी के विकास और आत्मविश्वास का संदेश दिया।

मथुरा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुना। यह कार्यक्रम वृंदावन स्थित अक्षय पात्र फाउंडेशन परिसर में आयोजित किया गया, जहां मुख्यमंत्री ने यूपी के दौरे पर पहली बार पहुंचे भाजपा अध्यक्ष का ब्रज भूमि पर स्वागत किया।
आध्यात्मिक उद्घोष के साथ संबोधन की शुरुआत
सीएम योगी ने ‘राधे-राधे’, ‘वृंदावन बिहारी लाल’, ‘राधा रानी’, ‘यमुना मैया’, ‘हर-हर महादेव’, ‘जय श्रीराम’, ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के उद्घोष के साथ अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए आध्यात्मिक और राष्ट्रवादी चेतना का संदेश दिया।
नितिन नबीन को बताया युवा ऊर्जा का प्रतीक
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन युवा ऊर्जा के प्रतीक हैं और बिहार विधानसभा में पांचवीं बार विधायक के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। संगठन में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। योगेश्वर श्रीकृष्ण की पावन धरा पर उनका पहला आगमन अत्यंत आह्लादकारी है।
ब्रज भूमि: आस्था, संस्कृति और विरासत का केंद्र
सीएम योगी ने कहा कि ब्रज प्राचीन काल से तीर्थ भूमि रही है। मथुरा, वृंदावन, बरसाना, गोकुल, गोवर्धन, नंदगांव और बलदेव जैसे तीर्थ आज भी सनातन परंपरा की प्रेरणा हैं। यहां के कण-कण में श्रीकृष्ण और राधा रानी की विरासत के दर्शन होते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय की जन्मभूमि मथुरा में ही है और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ब्रज भूमि आध्यात्मिक-सांस्कृतिक विरासत के साथ विकास के नए प्रतिमान गढ़ रही है।
यूपी अब ‘बीमारू’ नहीं, अर्थव्यवस्था का संबल
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब ‘बीमारू’ नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था का संबल बन रहा है। राज्य पिछले पांच वर्षों से रेवेन्यू सरप्लस में है। डबल इंजन सरकार डबल स्पीड से इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं को धरातल पर उतार रही है और सुरक्षा व कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव हर वर्ग तक पहुंच रहा है।
यूपी के युवाओं में आत्मविश्वास
सीएम योगी ने कहा कि यूपी का नौजवान अब पहचान के लिए मोहताज नहीं है। आज वह गर्व से कह सकता है कि वह उत्तर प्रदेश का नागरिक है। विकास की यात्रा में युवा, किसान और महिलाएं सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं, जो भाजपा पर जनता के विश्वास का प्रमाण है।
कार्यकर्ताओं से विकास में योगदान का आह्वान
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने विकास के नए प्रतिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि विकास की गति को और तेज करने के लिए पार्टी का हर कार्यकर्ता प्राणप्रण से जुटकर योगदान देगा।
कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
इस अवसर पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, भाजपा राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम, कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, विधायक श्रीकांत शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी उपस्थित रहे।




