छत्तीसगढ़

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर बनी महतारी वंदन योजना—मुख्यमंत्री साय

छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना की 24वीं किस्त जारी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 68.39 लाख महिलाओं के खातों में 641.34 करोड़ रुपये डीबीटी से अंतरित किए।

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नारायणपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से छत्तीसगढ़ शासन की महतारी वंदन योजना की 24वीं किस्त की राशि जारी की। इस अवसर पर प्रदेश की 68 लाख 39 हजार 592 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 641 करोड़ 34 लाख रुपये का अंतरण किया गया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना ने छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तिकरण को नया आयाम दिया है।

1 मार्च 2024 को हुआ था योजना का शुभारंभ

उल्लेखनीय है कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से महतारी वंदन योजना का शुभारंभ 1 मार्च 2024 को किया गया था। योजना के अंतर्गत 21 वर्ष या उससे अधिक आयु की विवाहित महिलाओं को प्रति माह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे वे अपनी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति कर सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर सकें।

23 किस्तों में अब तक 14,954.42 करोड़ रुपये वितरित

योजना के शुभारंभ से अब तक 23 किस्तों के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को कुल 14,954.42 करोड़ रुपये सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित किए जा चुके हैं। यह वित्तीय पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रभावी पहल सिद्ध हुई है।

कुल वितरित राशि 15,595.77 करोड़ रुपये पहुंची

24वीं किस्त के रूप में 641.34 करोड़ रुपये जारी होने के बाद महतारी वंदन योजना के अंतर्गत कुल वितरित राशि 15,595.77 करोड़ रुपये हो गई है। यह राज्य सरकार की महिला कल्याण एवं सशक्तिकरण के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

नारायणपुर में 27,272 हितग्राहियों को लाभ

नारायणपुर जिले में महतारी वंदन योजना के 27,272 हितग्राहियों के खातों में 2 करोड़ 72 लाख 72 हजार रुपये का अंतरण किया गया। इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button