मध्य प्रदेश

रेल कनेक्टिविटी से बदलेगी विन्ध्य की तस्वीर: उप मुख्यमंत्री शुक्ल

रीवा में ललितपुर–सिंगरौली रेल परियोजना की समीक्षा करते हुए उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने 2028 तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए, विन्ध्य क्षेत्र के विकास को मिलेगा नया आयाम।

भोपाल. उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने रीवा के नवीन सर्किट हाउस सभागार में आयोजित बैठक में ललितपुर–सिंगरौली रेल परियोजना की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यह रेलवे लाइन विन्ध्य क्षेत्र की विकास रेखा है। सीधी–सिंगरौली हाईवे और रेलवे परियोजना के पूर्ण होने से नया इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित होगा और क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नई दिशा मिलेगी।

पूर्वोत्तर राज्यों से सीधे जुड़ेगा विन्ध्य क्षेत्र

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि सिंगरौली तक रेलवे लाइन जुड़ने से विन्ध्य क्षेत्र पूर्वोत्तर राज्यों से सीधे कनेक्ट हो जाएगा। लंबी दूरी की ट्रेनों के संचालन से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि व्यापार और रोजगार के अवसरों में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि सीधी–सिंगरौली और पन्ना–खजुराहो तक रेलवे लाइन का निर्माण कार्य 2028 तक हर हाल में पूर्ण किया जाए।

अप्रैल 2026 तक रीवा–सीधी रेलखंड पूरा करने के निर्देश

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अप्रैल 2026 तक रीवा से सीधी स्टेशन तक निर्माण कार्य पूरा किया जाए, ताकि रेवांचल एक्सप्रेस का सीधी तक विस्तार संभव हो सके। उन्होंने रेलवे और प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय से निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर करने के निर्देश दिए।

भू-अर्जन में तेजी और साप्ताहिक समीक्षा के निर्देश

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि भू-अर्जन के कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी न हो और किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए प्रक्रिया पूरी की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि रेलवे अधिकारी सीधी और सिंगरौली कलेक्ट्रेट में प्रत्येक सोमवार को आयोजित टीएल बैठक में उपस्थित रहकर भू-अर्जन संबंधी प्रकरणों का निराकरण करें। कलेक्टरों को हर सप्ताह परियोजना की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए।

सीधी से गजरही तक भू-अर्जन पूरा

बैठक में जानकारी दी गई कि सीधी से गजरही तक भू-अर्जन कार्य पूर्ण हो चुका है। गजरही से गोपद नदी और सिंगरौली तक भू-अर्जन की प्रक्रिया तेजी से जारी है, जिसके लिए टेंडर जारी किए जा चुके हैं। भू-अर्जन पूर्ण होते ही निर्माण एजेंसी द्वारा कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

दिसंबर 2028 तक सिंगरौली तक रेल लाइन: पश्चिम मध्य रेलवे

पश्चिम मध्य रेलवे की महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय ने बताया कि 31 मार्च तक सीधी रेलवे लाइन का कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि गोपद नदी से सिंगरौली तक भू-अर्जन की प्रक्रिया जारी है और दिसंबर 2028 तक सिंगरौली तक रेलवे लाइन का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।

पन्ना–खजुराहो रेलखंड पर भी प्रगति

महाप्रबंधक ने बताया कि सतना से पन्ना जिले के सकरिया तक मार्च माह तक रेलवे लाइन बिछा दी जाएगी। पन्ना से अजयगढ़ और अजयगढ़ से खजुराहो तक लाइन बिछाने में लगभग 18 माह का समय लगेगा। इस क्षेत्र में वन विभाग से अनुमति प्राप्त होने के बाद कार्य में तेजी आएगी।

उत्कृष्ट कार्यों के लिए पश्चिम मध्य रेलवे को सम्मान

बैठक में यह भी बताया गया कि पश्चिम मध्य रेलवे जोन को वर्ष 2024–25 में उत्कृष्ट कार्यों के लिए गोविंदवल्लभ पंत शील्ड प्रदान की गई है। निर्माण कार्यों की प्रगति की सेक्शनवार जानकारी भी बैठक में प्रस्तुत की गई।

बैठक में जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित

बैठक में सांसद रीवा जनार्दन मिश्र, कमिश्नर बी.एस. जामोद, कलेक्टर रीवा प्रतीभा पाल, कलेक्टर सीधी स्वरोचिष सोमवंशी, कलेक्टर सिंगरौली गौरव बैनल, पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी एम.एस. हाशमी, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, एसडीएम एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button