देश

विजन–2050 की प्रशंसा: अजीम प्रेमजी ने झारखंड के विकास मॉडल को बताया पर्यावरण-संवेदनशील

दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान झारखंड की विकास नीति को सराहना मिली। अजीम प्रेमजी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व और राज्य में शिक्षा-स्वास्थ्य निवेश की प्रशंसा की।

दावोस . वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम, दावोस में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड राज्य युवाओं और प्रकृति के साथ सामंजस्य में विकास की सोच के साथ वैश्विक मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है। इस दौरान राज्य की विकास नीति और दीर्घकालिक दृष्टि को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया सामने आई है।

अजीम प्रेमजी ने झारखंड सरकार के प्रयासों को बताया सराहनीय

विप्रो लिमिटेड के पूर्व चेयरमैन और वर्तमान में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के चेयरमैन अजीम प्रेमजी ने झारखंड के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत प्रसन्नता का विषय है कि झारखंड राज्य अपने विकास के लिए गंभीर, संगठित और दूरदर्शी प्रयास कर रहा है। उन्होंने झारखंड सरकार के सहयोगात्मक और सकारात्मक दृष्टिकोण की भी प्रशंसा की।

शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा निवेश

अजीम प्रेमजी ने कहा कि उनकी फाउंडेशन झारखंड में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़े स्तर पर निवेश कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार से उन्हें निरंतर सहयोग मिला है और उनका अनुभव अत्यंत अनुकूल रहा है। उन्होंने देश और विदेश के निवेशकों से अपील की कि वे झारखंड में निवेश की संभावनाओं पर विचार करें और राज्य के उज्ज्वल भविष्य में भागीदार बनें।

इटकी, रांची में बन रहा विश्वविद्यालय और मेडिकल संस्थान

उल्लेखनीय है कि अजीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा रांची के इटकी क्षेत्र में एक विश्वविद्यालय, 1300 बेड का अस्पताल, एक मेडिकल कॉलेज और एक स्कूल की स्थापना की जा रही है। यह परियोजना झारखंड में शिक्षा और स्वास्थ्य अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button