फिटनेस का महोत्सव: जयपुर मैराथन कैलेंडर जारी, ड्रीम रन में ऐतिहासिक भागीदारी की तैयारी
जयपुर मैराथन 2026 के 17वें संस्करण का इवेंट कैलेंडर लॉन्च। एक माह तक चलेंगी फिटनेस गतिविधियां, ड्रीम रन में करीब एक लाख लोगों की भागीदारी का अनुमान।

जयपुर. गुलाबी नगर जयपुर एक बार फिर फिटनेस, स्वास्थ्य और सामूहिक ऊर्जा के उत्सव के लिए तैयार है। जयपुर मैराथन 2026 के 17वें संस्करण का आधिकारिक इवेंट कैलेंडर लॉन्च कर दिया गया है। इस आयोजन को राजस्थान पर्यटन विभाग, राजस्थान खेल परिषद और राजस्थान युवा बोर्ड का सहयोग प्राप्त है।
एक माह तक चलेंगी प्री-इवेंट गतिविधियां
कैलेंडर लॉन्च कार्यक्रम में मैराथन से पहले आयोजित होने वाली एक माह की विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री अरुण चतुर्वेदी रहे। इस अवसर पर संस्कृति युवा संस्था के अध्यक्ष पं. सुरेश मिश्रा, एयू जयपुर मैराथन के सीईओ मुकेश मिश्रा, एयू स्मॉल फाइनेंस से धर्मेंद्र सिंह शेखावत सहित आयोजन से जुड़े कई गणमान्य अतिथि मंच पर उपस्थित थे।
‘जयपुर मैराथन शहर का उत्सव बन चुकी है’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि जयपुर मैराथन अब ऐसा आयोजन बन चुका है, जिसका शहर हर वर्ष बेसब्री से इंतजार करता है। यह केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि स्वास्थ्य और वेलनेस के प्रति जन-जागरूकता का बड़ा मंच है। उन्होंने कहा कि जयपुर मैराथन ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
चार जोन में बंटा शहर, बेहतर तैयारी पर फोकस
संस्कृति युवा संस्था के अध्यक्ष पं. सुरेश मिश्रा ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य मैराथन को जयपुर की जीवनशैली का हिस्सा बनाना है, ताकि फिटनेस आदत बने और स्वास्थ्य को प्राथमिकता मिले। प्रतिभागियों की बेहतर तैयारी के लिए जयपुर रनर्स क्लब द्वारा शहर को चार अलग-अलग ज़ोन में विभाजित किया गया है, जहां प्रशिक्षकों की व्यवस्था की गई है।
फिटनेस मूवमेंट बन चुकी है जयपुर मैराथन
एयू जयपुर मैराथन के सीईओ मुकेश मिश्रा ने कहा कि जयपुर मैराथन 2026 अब केवल एक दिन की दौड़ नहीं, बल्कि एक समग्र फिटनेस मूवमेंट बन चुकी है। यह युवाओं, कॉर्पोरेट प्रोफेशनल्स, प्रोफेशनल रनर्स और आम नागरिकों को एक मंच पर जोड़ रही है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष विभिन्न श्रेणियों में प्रतिभागियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि की उम्मीद है। खासतौर पर ड्रीम रन में करीब एक लाख लोगों की ऐतिहासिक भागीदारी का अनुमान लगाया जा रहा है।




