छत्तीसगढ़

रात के सन्नाटे में टूटा घर, बुजुर्ग दंपती की मौत से हड़कंप

जगदलपुर के दंतेश्वरी वार्ड में बुजुर्ग दंपती के बीच आधी रात के विवाद के बाद पति ने पत्नी की हत्या कर दी और फिर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शहर के दंतेश्वरी वार्ड में देर रात एक पारिवारिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया। आपसी झगड़े के बाद एक बुजुर्ग ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और फिर खुद भी फांसी लगाकर जान दे दी। मृतकों की पहचान 73 वर्षीय तारा सिंह और उनकी 70 वर्षीय पत्नी विजय कौर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद की स्थिति बनी रहती थी।

बेटे-बहू ने कराया था समझौता

जानकारी के अनुसार, घटना वाली रात भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। शोर सुनकर बेटा और बहू नीचे आए और दोनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद वे घर की ऊपरी मंजिल पर चले गए, जहां बेटा, बहू और बेटी रहते थे।

दोबारा हुआ झगड़ा, जानलेवा हमला

रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच पति-पत्नी के बीच दोबारा विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर तारा सिंह ने मोटे लकड़ी के डंडे से पत्नी के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से विजय कौर की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद तारा सिंह ने भी घर के भीतर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने संभाला मामला

घटना की सूचना मिलते ही बोधघाट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button