युवा शक्ति का प्रदर्शन: युवा दिवस पर मॉडल स्कूल में सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम
युवा दिवस पर 12 जनवरी को जबलपुर में जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम आयोजित होगा। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा मुख्य अतिथि होंगे, सभी शिक्षण संस्थाओं में भी आयोजन।

जबलपुर. स्वामी विवेकानंद जी की जयंती (युवा दिवस) के अवसर पर 12 जनवरी को जिले में सामूहिक सूर्य नमस्कार का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन सुबह 9 बजे पंडित लज्जाशंकर झा उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (मॉडल स्कूल) के मैदान में होगा। कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
सुबह 9 बजे से एकत्रिकरण, 9.30 बजे होगा मुख्य आयोजन
कार्यक्रम के अनुसार सुबह 9 बजे विद्यार्थियों का मॉडल स्कूल के मैदान में एकत्रिकरण होगा। इसके बाद वे योग एवं सूर्य नमस्कार के लिए निर्धारित स्थल पर अपेक्षित दूरी रखते हुए पंक्तिबद्ध होंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण से होगा। मुख्य अतिथि एवं आमंत्रित अतिथियों के स्वागत के बाद सुबह 9.30 बजे से आकाशवाणी के माध्यम से राष्ट्रगीत वंदेमातरम्, स्वामी विवेकानंद जी की वाणी तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का प्रसारण किया जाएगा। इसके पश्चात सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम होंगे। कार्यक्रम का समापन सुबह 10.30 बजे होगा।
जिले की सभी शिक्षण संस्थाओं में भी होगा आयोजन
जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी ने बताया कि स्वामी विवेकानंद जी की जयंती (युवा दिवस) पर जिले की सभी शासकीय एवं अशासकीय शिक्षण संस्थाओं में भी सुबह 9 बजे से सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया जाएगा।




