दुनिया

ईरान में धमाकों से बढ़ा तनाव, 5 की मौत; अमेरिका-इजरायल बोले—हम शामिल नहीं

ईरान के बंदर अब्बास और अहवाज में गैस रिसाव से हुए धमाकों में 5 लोगों की मौत और 14 से अधिक घायल। कई शहरों में धमाकों की अपुष्ट रिपोर्ट, अमेरिका-इज़रायल ने भूमिका से इनकार किया।

तेहरान. कई महीनों से आंतरिक प्रदर्शनों और अस्थिर हालात से जूझ रहे ईरान को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। दक्षिणी ईरान के समुद्र तटीय शहर बंदर अब्बास में शनिवार को जोरदार धमाका हुआ। स्थानीय मीडिया के अनुसार, यह विस्फोट गैस रिसाव की वजह से हुआ। इसी तरह इराक सीमा के पास स्थित अहवाज शहर में भी गैस लीक होने से धमाके की सूचना है।

मृतकों और घायलों की संख्या

इन दोनों घटनाओं में अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 14 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

सात शहरों में धमाकों की अपुष्ट रिपोर्ट

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में सात अलग-अलग स्थानों पर धमाकों का दावा किया गया है। इन रिपोर्ट्स के मुताबिक तेहरान, तबरीज, कोम, नतांज और परंद में भी धमाकों की आवाज़ सुने जाने की बात कही गई है। हालांकि, ईरान सरकार की ओर से इन सभी घटनाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

अग्निशमन विभाग का बयान

ईरान के अग्निशमन विभाग के प्रमुख मोहम्मद अमीन लियाकत ने बंदर अब्बास में हुए धमाके को लेकर ईरानी समाचार एजेंसी मेहर से कहा, “शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि विस्फोट गैस रिसाव की वजह से हुआ। अगले कुछ घंटों में मेरे सहयोगी और विस्तृत जानकारी साझा करेंगे।”

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो, स्वतंत्र पुष्टि नहीं

घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें इमारतें मलबे में तब्दील दिखाई दे रही हैं और उनके सामने खड़ी गाड़ियां क्षतिग्रस्त नजर आ रही हैं। समाचार एजेंसी Reuters ने इमारतों, पेड़ों और सड़कों के लेआउट का विश्लेषण कर स्थान की पुष्टि की है, जो सैटेलाइट और फाइल इमेजरी से मेल खाता है। हालांकि, यह स्वतंत्र रूप से सत्यापित नहीं किया जा सका है कि वीडियो किस तारीख के हैं।

अमेरिका और इज़रायल पर संदेह, दोनों ने किया इनकार

ईरान में धमाकों की खबर सामने आते ही सबसे पहले शक अमेरिका और इज़रायल की ओर गया। लेकिन CNN की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी और इज़रायली अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इन घटनाओं में उनकी कोई भूमिका नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button