मध्य प्रदेश

पति से अनबन सुलझाने गई महिला, तांत्रिक के प्रेमजाल में फंसी

इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र से जेवर और नगदी लेकर लापता हुई महिला भोपाल से बरामद। पुलिस जांच में सामने आया कि वह एक तांत्रिक के साथ गई थी, मामले की हर एंगल से जांच जारी।

इंदौर. मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला अचानक सोने-चांदी के जेवर और नगदी लेकर घर से लापता हो गई। महिला के गायब होने से परिवार में हड़कंप मच गया, जिसके बाद परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि महिला एक तांत्रिक के साथ गई थी, जिसे बाद में भोपाल से बरामद कर लिया गया।

एसीपी ने दी जानकारी, बयानों में मिले विरोधाभास

मामले की जानकारी देते हुए एसीपी रुबीना मिजबानी ने बताया कि महिला की गुमशुदगी के बाद पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की। सबसे पहले महिला के पति और परिवार के अन्य सदस्यों के बयान दर्ज किए गए।

जांच में पाया गया कि पति और परिवार के बयानों में कई बिंदुओं पर अंतर था। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से महिला की लोकेशन ट्रेस करना शुरू किया।

तकनीकी जांच में भोपाल लोकेशन मिली

तकनीकी जांच में महिला की अंतिम लोकेशन भोपाल में पाई गई। इसके बाद इंदौर पुलिस की टीम भोपाल पहुंची और महिला को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया। महिला के पास से कुछ सोने-चांदी के जेवर भी बरामद किए गए हैं। फिलहाल उसे इंदौर लाकर पूछताछ की जा रही है।

घरेलू तनाव के चलते लिया फैसला

पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि वह लंबे समय से घरेलू परेशानियों से जूझ रही थी। इसी दौरान उसकी पहचान राकेश जाटव नामक युवक से हुई, जो तांत्रिक क्रिया और पूजा-पाठ करवाने का काम करता था।

महिला के अनुसार, घरेलू समस्याओं को लेकर पूजा-पाठ के दौरान दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और धीरे-धीरे नजदीकियां हो गईं। मानसिक तनाव से परेशान होकर उसने राकेश के साथ जाने का फैसला किया।

तांत्रिक गतिविधियों की भी जांच

पुलिस सूत्रों के अनुसार, राकेश जाटव तांत्रिक क्रियाओं के नाम पर लोगों को प्रभावित करता था। इस पहलू की भी जांच की जा रही है कि कहीं महिला को बहला-फुसलाकर या मानसिक रूप से प्रभावित कर तो नहीं ले जाया गया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। महिला के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और बरामद जेवर व नगदी को लेकर भी पूछताछ जारी है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button