क्रिकेट क्लैश से पहले कोलंबो में सिक्योरिटी टाइट, हर कोने पर नजर
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाकिस्तान मुकाबले से पहले कोलंबो में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू। आर. प्रेमदासा स्टेडियम के आसपास हाई अलर्ट, विशेष ट्रैफिक प्लान जारी। बहिष्कार के विवाद के बाद श्रीलंका सरकार की पहल से मामला सुलझा।

भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को टी20 विश्व कप 2026 का महामुकाबला कोलंबो में खेला जाएगा। इस हाई-वोल्टेज मैच को देखते हुए श्रीलंका की राजधानी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कड़े पहरे के बीच “परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा”।
विशेष ट्रैफिक प्लान लागू, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
आर. प्रेमदासा स्टेडियम में होने वाले मुकाबले को लेकर श्रीलंका पुलिस ने विशेष ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। पुलिस प्रवक्ता एफ. टी. वूटलर के अनुसार मैच के दौरान किसी भी तरह की चूक की गुंजाइश नहीं छोड़ी जाएगी। स्टेडियम के आसपास अतिरिक्त फोर्स तैनात रहेगी और आवाजाही पर निगरानी रखी जाएगी।
बहिष्कार के एलान से बना था अनिश्चितता का माहौल
भारत-पाकिस्तान मुकाबला ऐसे समय हो रहा है जब पिछले कुछ हफ्तों से इसे लेकर अनिश्चितता बनी हुई थी। पाकिस्तान ने बांग्लादेश के समर्थन में मैच के बहिष्कार की घोषणा की थी, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। इसके बाद आईसीसी, बांग्लादेश, पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच कई दौर की बातचीत हुई।
श्रीलंका सरकार की पहल से निकला समाधान
संभावित आर्थिक नुकसान को देखते हुए श्रीलंका सरकार ने पाकिस्तान से रुख बदलने की अपील की थी। राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ से बातचीत कर टीम को कोलंबो भेजने का आग्रह किया। श्रीलंका, टूर्नामेंट के सह-मेजबान के रूप में अपनी तैयारियों पर असर नहीं पड़ने देना चाहता था।




