क्रिकेट रैंकिंग में हलचल: सूर्यकुमार का टॉप-5 अलर्ट, ईशान का मेगा जंप
ICC ने नई T20I रैंकिंग जारी की। सूर्यकुमार यादव छठे स्थान पर पहुंचे, ईशान किशन ने 32 पायदान की छलांग लगाई। सईम अयूब नंबर-1 ऑलराउंडर और वरुण चक्रवर्ती से 28 अंक पीछे अबरार अहमद।

नई दिल्ली. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बुधवार को पुरुष खिलाड़ियों की ताज़ा T20I रैंकिंग जारी की। भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव एक स्थान की छलांग लगाकर छठे नंबर पर पहुंच गए हैं। उनके खाते में फिलहाल 728 रेटिंग अंक हैं। सूर्यकुमार यादव ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें टी20 मुकाबले में 63 रनों की शानदार पारी खेली थी। टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले खेली गई इस अंतिम सीरीज में उन्होंने कुल 242 रन बनाए और प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार जीता। भारत ने न्यूजीलैंड को 4-1 से सीरीज में हराकर आगामी टूर्नामेंट के लिए मजबूत तैयारी की।
ईशान किशन ने लगाई 32 पायदान की छलांग
भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन ने रैंकिंग में जबरदस्त उछाल लगाते हुए 32 पायदान चढ़कर 32वें स्थान पर जगह बनाई है। उनके नाम 584 रेटिंग अंक हैं। ईशान ने पांचवें टी20 मैच में 42 गेंदों पर 103 रन की विस्फोटक पारी खेली, जो उनके T20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक था। उन्होंने सीरीज में भी 242 रन बनाए।
अभिषेक शर्मा की बादशाहत बरकरार
भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा 917 अंकों के साथ T20I बल्लेबाजों की रैंकिंग में नंबर-1 बने हुए हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड सीरीज में 182 रन बनाए। टॉप-10 बल्लेबाजों की सूची में चार भारतीय खिलाड़ी शामिल हैं। तिलक वर्मा (766 अंक) चौथे स्थान पर हैं, हालांकि वह चोट के कारण सीरीज में नहीं खेल सके।
सईम अयूब बने नंबर-1 ऑलराउंडर
पाकिस्तान के सईम अयूब एक बार फिर T20I ऑलराउंडर्स रैंकिंग में नंबर-1 बन गए हैं। उन्होंने जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा को पीछे छोड़ा।
- सईम अयूब: 290 अंक
- सिकंदर रजा: 289 अंक
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज में अयूब ने 119 रन बनाए और 3 विकेट भी लिए। वहीं पाकिस्तान के मोहम्मद नवाज एक स्थान ऊपर चढ़कर चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं।
भारतीय ऑलराउंडर्स में—
- हार्दिक पांड्या (247 अंक) तीसरे स्थान पर
- शिवम दुबे (186 अंक) नौवें स्थान पर हैं
- गेंदबाजों में वरुण चक्रवर्ती से सिर्फ 28 अंक दूर अबरार
पाकिस्तान के स्पिनर अबरार अहमद गेंदबाजों की T20I रैंकिंग में दो पायदान ऊपर चढ़कर दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उनके खाते में 748 अंक हैं। वह नंबर-1 गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती से केवल 28 रेटिंग अंक पीछे हैं।
इसके अलावा—
- मोहम्मद नवाज पांच विकेट लेने के बाद आठ स्थान उछलकर सातवें नंबर पर
- ऑस्ट्रेलिया के कैमरन ग्रीन 16 पायदान चढ़कर 14वें पर
- इंग्लैंड के आदिल राशिद चौथे स्थान पर
- न्यूजीलैंड के मिचेल सेंटनर 23वें स्थान पर पहुंच गए हैं




