हिमाचल दिवस पर राष्ट्रपति का संदेश: समृद्ध परंपरा, सशक्त भविष्य
हिमाचल प्रदेश स्थापना दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।

शिमला. हिमाचल प्रदेश में रविवार को गर्व और उत्साह के साथ पूर्ण राज्यत्व (स्थापना) दिवस मनाया गया। इस अवसर पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, लोकसभा अध्यक्ष और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए राज्य के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने की स्वर्णिम भविष्य की कामना
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हिमाचल प्रदेश के स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई दी। राष्ट्रपति भवन के आधिकारिक एक्स हैंडल पर जारी संदेश में उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक परंपराओं के कारण देवभूमि और शौर्य परंपराओं के कारण वीरभूमि कहलाने वाली हिमाचल की धरती प्रकृति के असीम वरदान से परिपूर्ण है।
उन्होंने विश्वास जताया कि हिमाचल प्रदेश के कर्मठ निवासी राष्ट्र निर्माण और देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे तथा सभी नागरिकों के स्वर्णिम भविष्य की मंगलकामना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा कि प्रकृति और संस्कृति की संगमस्थली हिमाचल प्रदेश के सभी परिवारजनों को पूर्ण राज्यत्व दिवस की अनेकानेक शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासी अपनी अद्भुत प्रतिभा और पराक्रम से सदैव मां भारती की सेवा करते आए हैं और उन्होंने देवभूमि की निरंतर समृद्धि की कामना की।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सराहा सांस्कृतिक वैभव
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने हिमाचल प्रदेश को समृद्ध प्राकृतिक सौंदर्य, शांत वातावरण, सांस्कृतिक विविधता और गौरवशाली धार्मिक परंपराओं के लिए विश्वविख्यात बताया। उन्होंने कामना की कि देवभूमि निरंतर प्रगति, समृद्धि और संतुलित विकास के मार्ग पर आगे बढ़े।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन की शुभकामनाएं
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने हिमाचल प्रदेश के स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ईश्वर से प्रार्थना है कि देवभूमि हिमाचल निरंतर विकास, उन्नति और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ता रहे।




