Gold-Silver Price Today: गिरावट के बाद तेज उछाल, चांदी ₹21,000 चढ़ी
Gold Silver Price Today: MCX पर गिरावट के बाद सोना-चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी। चांदी 21,000 रुपये महंगी, सोना 5,000 रुपये उछला, फिर भी लाइफटाइम हाई से नीचे।

इंदौर / नई दिल्ली. बीते कुछ दिनों से सोना-चांदी की कीमतों में जारी गिरावट के सिलसिले पर मंगलवार को ब्रेक लग गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर वायदा कारोबार की शुरुआत के साथ ही सोना और चांदी दोनों में तेज उछाल देखने को मिला। सोमवार को भारी गिरावट झेल चुकी चांदी एक झटके में 21 हजार रुपये से ज्यादा चढ़ गई, जबकि सोने की कीमत भी खुलते ही 5 हजार रुपये से अधिक मजबूत हो गई।
चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल
सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को MCX पर 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी के वायदा भाव में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई। सोमवार को चांदी का भाव 2,36,261 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था, जो मंगलवार को कारोबार शुरू होते ही बढ़कर 2,57,480 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया। इस तरह चांदी के दाम में एक झटके में 21,000 रुपये से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई।
तेजी के बावजूद अब भी लाइफटाइम हाई से काफी नीचे चांदी
मंगलवार को आई तेज़ी के बावजूद चांदी का वायदा भाव अभी भी अपने लाइफटाइम हाई से काफी नीचे बना हुआ है। गौरतलब है कि 29 जनवरी को MCX पर चांदी ने पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो का आंकड़ा पार करते हुए 4,30,048 रुपये प्रति किलोग्राम का ऐतिहासिक उच्चतम स्तर छुआ था। मौजूदा भाव इस रिकॉर्ड हाई से अब भी करीब 1,62,568 रुपये सस्ता है।
Gold Rate में भी तेज उछाल
चांदी के साथ-साथ सोने की कीमतों में भी मंगलवार को मजबूती देखने को मिली। MCX पर सोने का भाव सोमवार के बंद स्तर 1,43,991 रुपये प्रति 10 ग्राम से उछलकर शुरुआती कारोबार में ही 1,49,485 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया। इस तरह 24 कैरेट सोने की कीमत में 5,494 रुपये की तेजी दर्ज की गई।
लाइफटाइम हाई से अब भी सस्ता सोना
अगर सोने के मौजूदा भाव की तुलना इसके लाइफटाइम हाई से करें, तो यह अभी भी काफी नीचे है। MCX पर 2 अप्रैल एक्सपायरी वाले सोने का उच्चतम स्तर 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा है, जिसे इसने 29 जनवरी को छुआ था। मंगलवार की तेज़ी के बावजूद सोना अभी भी अपने रिकॉर्ड हाई से करीब 43,611 रुपये सस्ता कारोबार कर रहा है।




