देश

आग, मौत और फरारी: गोवा कांड के आरोपी लूथरा ब्रदर्स दिल्ली लाए गए

गोवा नाइट क्लब अग्निकांड के आरोपी गौरव और सौरभ लूथरा थाईलैंड से भारत लौटे। इंटरपोल के ब्लू कॉर्नर नोटिस के बाद फुकेट में हुई थी गिरफ्तारी, अब होगी आगे की कानूनी कार्रवाई।

नई दिल्ली. गोवा के चर्चित नाइट क्लब अग्निकांड मामले में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। इस भीषण हादसे के आरोपी लूथरा ब्रदर्स मंगलवार को दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच गए हैं। आग की घटना के बाद दोनों आरोपी थाईलैंड फरार हो गए थे।

25 लोगों की मौत के बाद थाईलैंड हुए थे फरार

गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा उत्तरी गोवा के अरपोरा स्थित ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइट क्लब के सह-मालिक हैं। 6 दिसंबर को नाइट क्लब में लगी भीषण आग में 25 लोगों की मौत हो गई थी। घटना के तुरंत बाद दोनों आरोपी थाईलैंड के फुकेट भाग गए थे।

इंटरपोल का ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए लूथरा बंधुओं के खिलाफ इंटरपोल का ‘ब्लू कॉर्नर नोटिस’ जारी किया गया था। इसके बाद भारतीय दूतावास के हस्तक्षेप से थाईलैंड प्रशासन हरकत में आया।

फुकेट में हिरासत, फिर भारत वापसी

थाईलैंड के प्राधिकारियों ने 11 दिसंबर को फुकेट में लूथरा ब्रदर्स को हिरासत में लिया। इस पूरे घटनाक्रम में भारतीय मिशन थाईलैंड सरकार के साथ लगातार संपर्क में रहा। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दोनों आरोपियों को थाईलैंड से रवाना होने से पहले बैंकॉक एयरपोर्ट पर देखा गया था।

दिल्ली एयरपोर्ट पर भारतीय एजेंसियों को सौंपा गया

भारत पहुंचने के बाद लूथरा बंधुओं को भारतीय प्राधिकारियों को सौंप दिया गया है, ताकि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके। संभावना है कि उन्हें जल्द ही गोवा पुलिस की हिरासत में लिया जाएगा।

पहले ही पांच आरोपी गिरफ्तार

गोवा पुलिस इस मामले में पहले ही नाइट क्लब के पांच प्रबंधकों और कर्मचारियों को गिरफ्तार कर चुकी है। आग लगने के कारणों और सुरक्षा में लापरवाही की जांच अभी भी जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button