खेल

स्पीड के साथ स्टाइल भी बदला: फॉर्मूला-1 2026 में रेड बुल की नई लिवरी

F1 2026: रेड बुल रेसिंग ने डेट्रॉइट में नई कार लिवरी लॉन्च की। फोर्ड के साथ साझेदारी, मैक्स वेरस्टैपेन और नई टीम के साथ विश्व खिताब पर नजर।

नई दिल्ली. फॉर्मूला 1 के 2026 सीजन से पहले रेड बुल रेसिंग ने अपनी नई कार की लिवरी का आधिकारिक तौर पर खुलासा कर दिया है। यह भव्य कार्यक्रम अमेरिका के डेट्रॉइट स्थित मिशिगन सेंट्रल स्टेशन में आयोजित किया गया, जहां टीम ने अपने नए डिजाइन को शानदार अंदाज में दुनिया के सामने पेश किया।

डेट्रॉइट, ऑटोमोबाइल दिग्गज फोर्ड का गृहनगर है और यहीं से रेड बुल–फोर्ड साझेदारी के तहत पहला फॉर्मूला वन पावर यूनिट तैयार किया जा रहा है। मिल्टन कीन्स स्थित टीम के लिए यह लॉन्च तकनीक और विरासत—दोनों का प्रतीक माना जा रहा है।

लिवरी लॉन्च के दौरान रेड बुल के पायलट मार्टिन सोनका ने एक अनोखा कारनामा किया। उन्होंने हवाई जहाज से कार पर डली चादर को उड़ाकर हटाया, जिसके साथ ही 2026 सीजन की नई लिवरी का भव्य अनावरण हुआ। नई डिजाइन टीम के 2005 में फॉर्मूला 1 में प्रवेश के समय की चमकदार फिनिश की याद दिलाती है।

टीम के मुताबिक, 2026 कार की लिवरी में इस्तेमाल किया गया “हेरिटेज व्हाइट बेस” कार को ज्यादा गहराई और क्लीन लुक देता है। इससे रेड बुल का आइकॉनिक ‘सन एंड बुल’ लोगो और अधिक उभरकर सामने आता है।

ड्राइवर्स लाइन-अप और खिताब की उम्मीद

2026 सीजन में चार बार के विश्व चैंपियन मैक्स वेरस्टैपेन के साथ युवा ड्राइवर इसैक हडजार टीम में शामिल होंगे। हडजार ने सिस्टर टीम रेसिंग बुल्स को छोड़कर रेड बुल जॉइन किया है।

वेरस्टैपेन 2026 में अपने पसंदीदा नंबर 3 के साथ रेसिंग करेंगे। इससे पहले वे नंबर 33 का इस्तेमाल करते थे, जिसे अब उनके पूर्व साथी डैनियल रिकियार्डो उपयोग में लाते थे।

रेड बुल ने आखिरी बार 2023 में कंस्ट्रक्टर्स चैंपियनशिप जीती थी। पिछले सीजन में टीम तीसरे स्थान पर रही, हालांकि वेरस्टैपेन ने 2024 के अबू धाबी में होने वाली अंतिम रेस से ठीक पहले तक ड्राइवर्स खिताब की दौड़ में खुद को बनाए रखा था। अब 2026 में टीम एक बार फिर विश्व खिताब जीतने की उम्मीद कर रही है।

टीम मैनेजमेंट में बदलाव

तकनीकी टीम की जिम्मेदारी पियरे वाशे संभालेंगे, जबकि टीम प्रिंसिपल की भूमिका लॉरेंट मेकीज निभाएंगे, जिन्होंने पिछले सीजन के बीच में क्रिश्चियन हॉर्नर की जगह ली थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button