दुनिया

डोनाल्ड ट्रंप को मिला पहला ‘फीफा शांति पुरस्कार’, वर्ल्ड कप 2026 ड्रॉ के दौरान हुआ सम्मान

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को पहला फीफा शांति पुरस्कार प्रदान किया गया है। वॉशिंगटन स्थित कैनेडी सेंटर में शुक्रवार को आयोजित फीफा विश्वकप 2026 के ड्रॉ समारोह के दौरान ट्रंप को इस विशेष सम्मान से नवाजा गया।

वॉशिंगटन. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को पहला फीफा शांति पुरस्कार प्रदान किया गया है। वॉशिंगटन स्थित कैनेडी सेंटर में शुक्रवार को आयोजित फीफा विश्वकप 2026 के ड्रॉ समारोह के दौरान ट्रंप को इस विशेष सम्मान से नवाजा गया। यह पुरस्कार उन्हें दुनिया में शांति और एकता को बढ़ावा देने के उनके कथित प्रयासों के लिए दिया गया।

फीफा के अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने ट्रंप को मेडल और ट्रॉफी सौंपते हुए कहा कि यह पुरस्कार उन लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए दिया जाता है, जो वैश्विक स्तर पर शांति और सहयोग की दिशा में काम करते हैं। यह पहली बार है जब फीफा की ओर से शांति पुरस्कार दिया गया है।

ट्रंप बोले – ‘यह मेरे जीवन के सबसे बड़े सम्मानों में से एक’

फीफा शांति पुरस्कार मिलने पर डोनाल्ड ट्रंप ने कांगो सहित दुनिया के कई संघर्ष क्षेत्रों में अपनी भूमिका का दावा करते हुए कहा कि आज की दुनिया पहले से कहीं ज्यादा सुरक्षित हो रही है। उन्होंने कहा, “यह मेरे जीवन के सबसे बड़े सम्मानों में से एक है।”

व्हाइट हाउस का दावा – शांति के प्रति समर्पण की पहचान

व्हाइट हाउस ने इस सम्मान को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि फीफा शांति पुरस्कार, राष्ट्रपति ट्रंप के शांति के प्रति समर्पण और वैश्विक स्थिरता के प्रयासों को दर्शाता है।

विवाद भी खड़ा हुआ, राजनीतिक संदेश देने के आरोप

हालांकि इस सम्मान को लेकर विवाद भी शुरू हो गया है। बड़ी संख्या में लोग इतने बड़े खेल आयोजन को राजनीतिक संदेशों से जोड़ने की आलोचना कर रहे हैं। आलोचकों का कहना है कि फुटबॉल जैसे वैश्विक खेल मंच का इस्तेमाल राजनीतिक छवि निर्माण के लिए नहीं होना चाहिए।

तीन देशों की मेजबानी में होगा वर्ल्ड कप 2026

  • उल्लेखनीय है कि फीफा विश्वकप 2026 का आयोजन अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको संयुक्त रूप से करेंगे।
  • टूर्नामेंट की शुरुआत 11 जून 2026 से होगी,
  • 16 शहरों में कुल 104 मैच खेले जाएंगे।
  • इसी प्रतिष्ठित आयोजन के ड्रॉ कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप को यह ऐतिहासिक पुरस्कार दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button