Cristiano Ronaldo ने Perplexity में किया भारी निवेश, बने ब्रांड एंबेसडर, 650 मिलियन फॉलोअर्स से मिलेगी ग्लोबल पहचान
फुटबॉल जगत के दिग्गज खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने भारतीय मूल के युवक अरविंद श्रीनिवास की AI कंपनी ‘Perplexity AI’ में बड़ा निवेश किया है और इसके साथ ही वह कंपनी के ब्रांड एंबेसडर भी बन गए हैं।
नई दिल्ली. फुटबॉल जगत के दिग्गज खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने भारतीय मूल के युवक अरविंद श्रीनिवास की AI कंपनी ‘Perplexity AI’ में बड़ा निवेश किया है और इसके साथ ही वह कंपनी के ब्रांड एंबेसडर भी बन गए हैं। यह साझेदारी वैश्विक स्तर पर AI सेक्टर के लिए बेहद अहम मानी जा रही है। हालांकि, गुरुवार को जारी आधिकारिक बयान में निवेश की राशि और हिस्सेदारी का खुलासा नहीं किया गया।
Perplexity AI के संस्थापक अरविंद श्रीनिवास हैं, जो पहले ही अपने इनोवेटिव फीचर्स और गूगल को टक्कर देने वाले सर्च इंजन की वजह से चर्चा में रहे हैं। कंपनी ने हाल ही में गूगल क्रोम तक को खरीदने का ऑफर देकर सुर्खियां बटोरी थीं।
रोनाल्डो बने ग्लोबल फेस, फैंस के लिए लॉन्च हुआ इंटरैक्टिव हब
Perplexity AI ने रोनाल्डो के साथ एक ग्लोबल स्पॉन्सरशिप एग्रीमेंट भी किया है। इसके तहत कंपनी ने अपने सर्च इंजन पर फैंस के लिए एक इंटरैक्टिव हब लॉन्च किया है।
रोनाल्डो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर निवेश की घोषणा करते हुए लिखा कि उन्हें Perplexity में इन्वेस्ट करने पर “गर्व” महसूस हो रहा है।
लॉन्च हुआ ‘Ronaldo Hub’, फैंस को मिलेगा एक्सक्लूसिव कंटेंट
इस साझेदारी के तहत एक कस्टम AI असिस्टेंट ‘Ronaldo Hub’ भी लॉन्च किया गया है। इसके जरिए फैंस—
- रोनाल्डो की पर्सनल आर्काइव की अनदेखी तस्वीरें देख सकेंगे
- उनके जीवन के हर चरण से जुड़ी चुनी हुई जानकारियां हासिल कर सकेंगे
- एक इंटरैक्टिव पिच पर उनके शानदार गोल दोबारा देख सकेंगे
- यह फीचर फैंस के लिए एक नया डिजिटल अनुभव लेकर आया है।
2022 में शुरू हुई थी Perplexity, बन चुकी है AI की बड़ी ताकत
2022 में शुरू हुई Perplexity AI आज दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते AI स्टार्टअप्स में से एक बन चुकी है। यह खुद को गूगल के सीधे प्रतिद्वंद्वी के तौर पर पेश कर रही है। सैन फ्रांसिस्को स्थित इस कंपनी की सितंबर में हुए फंडिंग राउंड में वैल्यू 20 बिलियन डॉलर आंकी गई थी। कंपनी अब—
- एंटरप्राइज टूल्स
- पेड सब्सक्रिप्शन
- और इंटरनेशनल विस्तार पर तेजी से काम कर रही है।
अरविंद श्रीनिवास बोले – यह हमारे लिए सम्मान की बात
Perplexity के CEO अरविंद श्रीनिवास ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा— “रोनाल्डो के साथ पार्टनरशिप करना और उन्हें Perplexity में एक इन्वेस्टर के रूप में वेलकम करना हमारे लिए सम्मान की बात है। हम मिलकर इसे सवाल पूछने के लिए दुनिया का सबसे बेहतरीन AI बनाएंगे।”
रोनाल्डो की ताकत से एशिया और मिडिल ईस्ट पर नजर
Perplexity इस कोलैबोरेशन को प्रमोट करने के लिए एक YouTube वीडियो भी रिलीज कर चुकी है, जिसमें रोनाल्डो के दो युवा फैन उनकी उपलब्धियों पर बात करते नजर आ रहे हैं।
रोनाल्डो के सोशल मीडिया पर 650 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। ऐसे में Perplexity को उम्मीद है कि यह साझेदारी उसे लैटिन अमेरिका मिडिल ईस्ट और एशिया जैसे उभरते बाजारों में जबरदस्त बढ़त दिलाएगी, जहां AI का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है।




