उत्तर प्रदेशराज्य

सीएम का बड़ा एक्शन: गलत जांच रिपोर्ट लगाने वालों पर होगी एफआईआर

गोरखपुर के जनता दर्शन में सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि गलत जांच रिपोर्ट लगाने वालों पर एफआईआर दर्ज हो। करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं और इलाज के लिए आर्थिक मदद का भरोसा दिलाया।

गोरखपुर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि किसी भी प्रकरण की जांच में यदि गलत रिपोर्ट लगाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हर मामले की निष्पक्ष जांच कर उसका निस्तारण होना चाहिए और लापरवाही या शिथिलता बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

शनिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि सभी समस्याओं का प्रभावी समाधान कराया जाएगा।

सीएम योगी ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिन मामलों में गलत रिपोर्ट लगाए जाने की शिकायत मिली है, उनमें जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी स्तर पर जानबूझकर प्रकरण लंबित रखा गया है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। जमीन कब्जाने की शिकायतों पर विधिसम्मत कठोर कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए।

इलाज के लिए आर्थिक सहायता का भरोसा

जनता दर्शन में कुछ लोग इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे थे। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अस्पताल का इस्टीमेट जल्द तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से जरूरतमंदों को पर्याप्त सहायता दी जाएगी।

बच्चों पर बरसाया स्नेह

कार्यक्रम में परिजनों के साथ आए बच्चों को मुख्यमंत्री ने चॉकलेट दी, उन्हें दुलारा और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

गोशाला में की गोसेवा

गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परंपरा के अनुसार गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा के समक्ष नमन किया। इसके बाद मंदिर परिसर की गोशाला में पहुंचकर गायों को अपने हाथों से गुड़ खिलाया और गोसेवा की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button