छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वर्ष 2026 के शासकीय कैलेंडर का किया विमोचन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में शासकीय कैलेंडर 2026 का विमोचन किया। ‘महतारी गौरव वर्ष’ थीम पर आधारित कैलेंडर में महिला सशक्तिकरण, शक्तिपीठों, योजनाओं और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को दर्शाया गया है।

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में वर्ष 2026 के शासकीय कैलेंडर का विमोचन किया। राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2026 को ‘महतारी गौरव वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है। इसी भावभूमि पर आधारित यह कैलेंडर सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के संकल्प को अभिव्यक्त करता है।

पाँच शक्तिपीठों को मिला विशेष स्थान

कैलेंडर के मुख्य पृष्ठ पर छत्तीसगढ़ के पाँच प्रमुख शक्तिपीठों—

  • मां बमलेश्वरी
  • मां महामाया
  • मां दंतेश्वरी
  • मां चंद्रहासिनी
  • मां कुदरगढ़ी

को प्रमुखता से स्थान दिया गया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के छायाचित्र भी कैलेंडर में अंकित हैं।

संस्कृति और प्रकृति की झलक

कैलेंडर की पृष्ठभूमि में सिरपुर एवं राजिम के मंदिर, आदिवासी संस्कृति, मधेश्वर पहाड़ तथा चित्रकोट जलप्रपात के आकर्षक ग्राफिकल प्रतिरूप शामिल किए गए हैं, जो छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर को दर्शाते हैं।

महिला सशक्तिकरण सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, “राज्य सरकार के लिए मातृशक्ति का सम्मान और सशक्तिकरण सर्वोच्च प्राथमिकता है। महतारी गौरव वर्ष महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक स्वावलंबन को समर्पित है। यह शासकीय कैलेंडर महिला सशक्तिकरण, राज्य की प्राथमिकताओं और हमारी उपलब्धियों का सशक्त प्रतीक है।”

उन्होंने कहा कि कैलेंडर में जनकल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक सरोकारों को समाहित किया गया है, जो सशक्त एवं समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

मासिक पृष्ठों में योजनाओं की झलक

शासकीय कैलेंडर 2026 के प्रत्येक माह को विशेष विषय के साथ प्रस्तुत किया गया है—

  • जनवरी: प्रमुख शक्तिपीठों का दर्शन
  • फरवरी: राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान
  • मार्च: महतारी वंदन योजना
  • अप्रैल: मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना
  • मई: तेंदूपत्ता संग्रहण एवं चरण पादुका योजना
  • जून: बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ अभियान
  • जुलाई: महिला मुखिया के नाम पीडीएस राशन कार्ड
  • अगस्त: रक्षाबंधन उत्सव
  • सितंबर: दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना
  • अक्टूबर: शौर्य का सम्मान
  • नवंबर: “सेवा ही संकल्प”
  • दिसंबर: महिला सशक्तिकरण का प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण

इनकी रही उपस्थिति

कैलेंडर विमोचन के अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल, जनसंपर्क सचिव रोहित यादव, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत तथा आयुक्त जनसंपर्क रवि मित्तल उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button