छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा 2026 की तारीख तय: 20 फरवरी से इम्तिहान, ESMA लागू
छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा 2026: 20 फरवरी से 10वीं-12वीं की परीक्षाएं शुरू, शिक्षकों और कर्मचारियों पर ESMA लागू, 15 फरवरी से 30 अप्रैल तक अवकाश पर रोक।

रायपुर. छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 20 फरवरी से प्रारंभ होंगी। परीक्षाओं के सुचारु और निष्पक्ष संचालन को सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने परीक्षा कार्य से जुड़े शिक्षकों एवं कर्मचारियों पर एसेंशियल सर्विस एंड मेंटेनेंस एक्ट (ESMA) लागू कर दिया है।
15 फरवरी से 30 अप्रैल तक अवकाश पर रोक
ESMA के तहत 15 फरवरी से 30 अप्रैल तक किसी भी शिक्षक या कर्मचारी को अवकाश की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस अवधि में हड़ताल, धरना, प्रदर्शन या किसी भी प्रकार के आंदोलन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सभी शिक्षकों को अपने मूल पदस्थापना स्थल पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। उपस्थिति दर्ज होने के बाद ही उनकी ई-पुस्तिका अपडेट की जाएगी।
2,514 परीक्षा केंद्र, कंट्रोल रूम से निगरानी
प्रदेशभर में बोर्ड परीक्षाओं के लिए कुल 2,514 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा संचालन की निगरानी के लिए मंडल स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इस वर्ष लगभग सात लाख विद्यार्थी 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होंगे।
ड्यूटी से इनकार पर होगी कानूनी कार्रवाई
गृह विभाग के निर्देशों के अनुसार परीक्षा अवधि के दौरान न तो व्यक्तिगत और न ही सामूहिक अवकाश स्वीकृत होंगे। यदि कोई शिक्षक या कर्मचारी परीक्षा ड्यूटी से इनकार करता है, तो इसे कानून का उल्लंघन माना जाएगा और संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने परीक्षा संचालन, उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन तथा परिणाम से जुड़े सभी कार्यों को अत्यावश्यक सेवा की श्रेणी में रखा है।
क्या है ESMA?
निवारण अधिनियम, 1979 के तहत ESMA लागू होने पर अत्यावश्यक सेवाओं से जुड़े कर्मचारी कार्य से इंकार नहीं कर सकते। अधिनियम की धारा 4 (1) के अनुसार कोई भी कर्मचारी पूर्ण या आंशिक हड़ताल, कार्य बहिष्कार या किसी भी प्रकार से सेवा बाधित नहीं कर सकता। नियमों के उल्लंघन पर दंडात्मक और कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।




