घर बैठे मिलेगा प्रमाण पत्र: छत्तीसगढ़ में जन्म-मृत्यु प्रक्रिया हुई ऑनलाइन
छत्तीसगढ़ में जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन हुई। अक्टूबर 2023 के बाद जन्मे बच्चों के लिए जन्म प्रमाण पत्र ही वैध दस्तावेज, पुराने प्रमाण पत्र भी होंगे डिजिटल सुरक्षित।
रायपुर. छत्तीसगढ़ राज्य में जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और नागरिकों के लिए सुगम बनाते हुए इसे पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया गया है। अब राज्य में जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ही जारी किए जा रहे हैं। यह व्यवस्था भारत सरकार के महापंजीयक कार्यालय, नई दिल्ली द्वारा वर्ष 2023 में संशोधित ऑनलाइन पोर्टल के सफल क्रियान्वयन के बाद प्रभावी हुई है।
जन्म प्रमाण पत्र होगा एकमात्र वैध दस्तावेज
संशोधित जन्म–मृत्यु पंजीकरण अधिनियम, 1969 के तहत अक्टूबर 2023 के बाद जन्म लेने वाले सभी बच्चों के लिए जन्म तिथि के प्रमाण के रूप में जन्म प्रमाण पत्र ही एकमात्र वैध दस्तावेज होगा। इससे पहचान से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं में स्पष्टता और एकरूपता सुनिश्चित हुई है। वहीं, अक्टूबर 2023 से पहले जन्मे बच्चों के मामलों में पूर्व की तरह अन्य वैकल्पिक दस्तावेज मान्य रहेंगे।
पुराने ऑफलाइन प्रमाण पत्र भी होंगे डिजिटल सुरक्षित
सरकार ने पहले जारी किए गए ऑफलाइन जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्रों को भी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से डिजिटल रूप में सुरक्षित करने की सुविधा उपलब्ध कराई है। इससे नागरिकों को भविष्य में दस्तावेजों के सत्यापन और उपयोग में आसानी होगी।
तकनीकी चुनौतियों का समाधान, पोर्टल पूरी तरह सक्षम
अक्टूबर 2023 से राज्य में सभी जन्म प्रमाण पत्र ऑनलाइन जारी किए जा रहे हैं। प्रारंभिक चरण में आई तकनीकी चुनौतियों का समयबद्ध समाधान किया गया है। वर्तमान में पोर्टल पूरी तरह सुचारु रूप से कार्य कर रहा है और तकनीकी रूप से सक्षम है।
भारत सरकार के महापंजीयक कार्यालय द्वारा समय-समय पर आवश्यक तकनीकी सहयोग और मार्गदर्शन भी प्रदान किया जा रहा है।
रजिस्ट्रारों को प्रशिक्षण, जिलों में भी कार्यक्रम
व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए राज्य के सभी रजिस्ट्रार (जन्म–मृत्यु) को पोर्टल संचालन से संबंधित आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया है। इसके अलावा, आवश्यकता के अनुसार जिला स्तर पर भी नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आम नागरिकों को प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
आधार प्रक्रिया में भी एकरूपता पर जोर
राज्य सरकार ने आधार कार्ड निर्माण से संबंधित प्रक्रियाओं में भी एकरूपता लाने के उद्देश्य से सभी संबंधित एजेंसियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है। इससे नागरिकों को समय पर और सही दस्तावेज उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जा सकेगा।
डिजिटल सेवाओं की दिशा में बड़ा कदम
यह पहल छत्तीसगढ़ में डिजिटल सेवाओं के विस्तार, प्रशासनिक दक्षता और नागरिक सुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे आमजन को तेज, सुरक्षित और भरोसेमंद सेवाएं मिल रही हैं और सरकारी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता भी बढ़ी है।




