देश

मुंबई में बदला सत्ता का समीकरण: BJP को BMC में बहुमत, ठाकरे ब्रदर्स की बढ़ीं मुश्किलें

BMC Election Result 2026: मुंबई में पहली बार भाजपा बहुमत के करीब, ठाकरे ब्रदर्स का किला ढहता नजर आया। बीएमसी, नागपुर और पुणे में महायुति की बड़ी बढ़त।

मुंबई. बीएमसी चुनाव 2026 के शुरुआती रुझानों में इस बार इतिहास बनता दिख रहा है। बृहन्मुंबई नगर निगम (Brihanmumbai Municipal Corporation) में पहली बार भाजपा के नेतृत्व वाला महायुति गठबंधन बहुमत के बेहद करीब पहुंच गया है। लंबे समय तक उद्धव ठाकरे की शिवसेना के साथ चली क्लोज फाइट के बाद भाजपा ने निर्णायक बढ़त बना ली है।

अब तक आए रुझानों के अनुसार, 227 वार्डों में से 172 सीटों के परिणाम सामने आ चुके हैं, जिनमें भाजपा गठबंधन 108 से अधिक सीटों पर आगे है। बहुमत का आंकड़ा 114 का है, जिसे महायुति पार करती नजर आ रही है। इसके उलट, उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे के गठबंधन की स्थिति कमजोर होती दिख रही है और वे करीब 56–64 सीटों तक सिमटे नजर आ रहे हैं।

बीएमसी चुनाव परिणाम ठाकरे परिवार की उस राजनीतिक विरासत पर बड़ा प्रहार माने जा रहे हैं, जिसने दशकों तक मुंबई की सत्ता पर पकड़ बनाए रखी। यदि रुझान नतीजों में तब्दील होते हैं, तो बीएमसी में पहली बार भाजपा का मेयर बनेगा और ठाकरे परिवार का वर्चस्व समाप्त हो जाएगा।

मतगणना सुबह 10 बजे से जारी है और दोपहर बाद अंतिम नतीजों की तस्वीर साफ हो जाएगी। मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एग्जिट पोल भी पहले ही भाजपा–शिवसेना (शिंदे गुट) गठबंधन की स्पष्ट जीत का संकेत दे चुके थे। ‘माई एक्सिस इंडिया’ के अनुसार, महायुति को 131–151 सीटें और करीब 42% वोट शेयर मिलने का अनुमान जताया गया था।

अन्य प्रमुख अपडेट्स

  • गैंगस्टर से नेता बने अरुण गवली की बेटी योगिता गवली बीएमसी चुनाव हार गईं।
  • एनसीपी (शरद पवार गुट) के उम्मीदवार और नवाब मलिक के भाई कप्तान मलिक को भी हार का सामना करना पड़ा।
  • नागपुर, पुणे और मुंबई—तीनों बड़े शहरी निकायों में भाजपा की लहर साफ नजर आ रही है।

नागपुर में भाजपा अकेले दम पर 90 से ज्यादा सीटों पर आगे चल रही है, जो मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का गृह क्षेत्र भी है। वहीं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का भी यही संसदीय क्षेत्र है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button