सूची जारी… फिर अचानक हटाई! भोपाल बीजेपी जिला कार्यकारिणी पर उठे सवाल
भोपाल में भाजपा की नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा के बाद संगठन में विरोध तेज हो गया। सचिन दास बब्बा को महामंत्री बनाए जाने और पार्षदों के दबदबे को लेकर उठे विवाद के बाद सूची महाशिवरात्रि तक होल्ड कर दी गई।

भोपाल. मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भाजपा की नई जिला कार्यकारिणी का गठन विवादों में घिर गया है। शहर अध्यक्ष रविंद्र यती द्वारा मंगलवार को घोषित टीम के खिलाफ पार्टी के भीतर ही तीखे विरोध के स्वर उठने लगे। मामला इतना बढ़ा कि कुछ ही घंटों के भीतर पूरी सूची को होल्ड पर रखना पड़ा।
महामंत्री पद को लेकर सबसे ज्यादा नाराजगी
विरोध का मुख्य कारण जिला महामंत्री पद पर सचिन दास बब्बा की नियुक्ति को माना जा रहा है। पार्टी के कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं का आरोप है कि वर्ष 2013 में उन्होंने भाजपा के आधिकारिक प्रत्याशी सुरेंद्र नाथ सिंह के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ा था।
इसके अलावा प्रदेश कार्यालय में तोड़फोड़ से जुड़े आरोपों का भी जिक्र किया जा रहा है। विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं का कहना है कि ऐसे व्यक्ति को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिए जाने से समर्पित कार्यकर्ताओं की अनदेखी हुई है।
घोषित की गई कार्यकारिणी (होल्ड पर)
उपाध्यक्ष: राजकुमार विश्वकर्मा, अश्विनी राय, राकेश कुकरेजा, अशोक वाणी, राजू अनेजा, भाषित दीक्षित, विभा गरुण, शिखा मोनू गोहल
महामंत्री: मनोज राठौर, योगेश परमार, सचिन दास बब्बा
मंत्री: अमन यादव, योगेश वासवानी, सुनील यादव, सुषमा बावीसा, लक्ष्मी ठाकुर, पार्थ पाटीदार, प्रतीक्षा ब्रह्मभट्ट
अन्य पद:
कोषाध्यक्ष: राघवेन्द्र द्विवेदी
सह कोषाध्यक्ष: संतोष जाट
कार्यालय मंत्री: योगेन्द्र मुखरैया
सह कार्यालय मंत्री: अमित कुमार सिंह, सुमित पांडे
आईटी प्रभारी: विश्वविजय सिंह
आईटी सह प्रभारी: रवि यादव, शरद पंडित, शेखर श्रीवास्तव
सोशल मीडिया प्रभारी: जगदीश विश्वकर्मा
सोशल मीडिया सह प्रभारी: हेतराम, चंद्रभान यादव, आरती बोराना
कार्यालय प्रभारी: शैलेन्द्र निगम
मन की बात प्रभारी: सुनील निगम
सह प्रभारी: चंद्रशेखर तिवारी (राधे महाराज), राजेश खटीक, अनुपम जैन
‘पार्षदों का क्लब’ बनने का आरोप
संगठन के भीतर यह भी चर्चा है कि नई कार्यकारिणी में पार्षदों और उनके प्रतिनिधियों का दबदबा रहा। वार्ड 70 के पार्षद अशोक वाणी, वार्ड 32 के पार्षद प्रतिनिधि राजू अनेजा, वार्ड 45 के पार्षद प्रतिनिधि मोनू गोहल, वार्ड 50 की पार्षद सुषमा बावीसा और वार्ड 13 के पार्षद मनोज राठौर को प्रमुख पदों पर जिम्मेदारी दी गई। कुछ कार्यकर्ताओं का कहना है कि इससे संगठन जमीनी कार्यकर्ताओं की बजाय जनप्रतिनिधियों तक सीमित होकर रह गया है।
सोशल मीडिया से हटाई गई सूची
विवाद बढ़ने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, शहर अध्यक्ष रविंद्र यती और भाजपा मध्य प्रदेश के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज से कार्यकारिणी की सूची वाले पोस्ट हटा दिए गए। बताया जा रहा है कि रविंद्र यती की नियुक्ति के लगभग एक वर्ष बाद यह सूची जारी की गई थी।
महाशिवरात्रि तक होल्ड रहेगी सूची
शहर अध्यक्ष रविंद्र यती ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल सूची को महाशिवरात्रि तक के लिए होल्ड किया गया है। इसके बाद संगठन स्तर पर विचार-विमर्श कर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल यह मामला संगठनात्मक असंतोष और आंतरिक समीकरणों का संकेत माना जा रहा है, जिस पर सभी की नजर बनी हुई है।




