मध्य प्रदेश

भोपाल रियल एस्टेट झटका! प्रॉपर्टी रेट 11% तक बढ़े, रजिस्ट्रेशन भी होगा महंगा

भोपाल में वित्तीय वर्ष 2026-27 की नई कलेक्टर गाइडलाइन का प्रस्ताव तैयार, 621 लोकेशन पर 11% तक प्रॉपर्टी दरें बढ़ाने की तैयारी। मेट्रो रूट, एयरोसिटी और नए हाईवे के आसपास जमीन होगी महंगी।

भोपाल। वित्तीय वर्ष 2026-27 की नई कलेक्टर गाइडलाइन का प्रारंभिक प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। इस संबंध में शनिवार को कलेक्ट्रेट में जिला मूल्यांकन समिति की बैठक हुई, जिसमें पंजीयन अधिकारियों ने प्रस्ताव पेश किया। अधिकारियों और समिति के सदस्यों ने दरों में संशोधन को लेकर विस्तृत चर्चा कर सुझाव दिए।

621 लोकेशन पर बढ़ेंगी प्रॉपर्टी की दरें

इस बार शहर की एयरोसिटी, कोहेफिजा, करोंद, लांबाखेड़ा, नवीबाग, मेट्रो रेल कॉरिडोर, नए औद्योगिक क्षेत्र और नए राजमार्गों के आसपास की करीब 621 लोकेशन पर अधिकतम 11% तक वृद्धि का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

पिछले वित्तीय वर्ष की रजिस्ट्रियों के विश्लेषण में 1307 लोकेशन पर अधिक दरों पर रजिस्ट्री सामने आई, जिसके आधार पर दरों में संशोधन की जरूरत महसूस की गई।

किन आधारों पर बढ़ेंगी दरें

समीक्षा के दौरान अलग-अलग कारणों से दर वृद्धि प्रस्तावित की गई —

  • एक ही वार्ड में दरों के अंतर के कारण – 203 लोकेशन
  • पंजीयन विभाग के सर्वे के आधार पर – 91 लोकेशन
  • नए विकास कार्यों के कारण – 37 लोकेशन
  • टीएंडसीपी की स्वीकृतियां व जनसुविधाएं – 38 लोकेशन
  • नए राष्ट्रीय राजमार्ग/बायपास/रिंग रोड – 18 लोकेशन
  • नए औद्योगिक व विशेष आर्थिक क्षेत्र – 3 लोकेशन

शहरी क्षेत्र की 551 लोकेशन पर असर

जिले की कुल 2882 लोकेशन में से 551 शहरी लोकेशन पर 1.5% से 11% तक वृद्धि प्रस्तावित है। इनमें प्रमुख रूप से — लांबाखेड़ा, नवीबाग, एयरोसिटी, सीटीओ कॉलोनी, कैलाश नगर, पूजाश्री नगर, लाउखेड़ी, कोहेफिजा, पलासी, पंचवटी, करोंद, जनता नगर, नरेला, हिरनखेड़ी, फंदा कलां, बैरागढ़ खुमान, नर्मदापुरम रोड, अरेरा कॉलोनी और भोपाल रेलवे स्टेशन क्षेत्र शामिल हैं। नगर पालिका परिषद बैरसिया की करीब 70 लोकेशन भी प्रस्ताव में शामिल हैं।

मेट्रो रेल कॉरिडोर के आसपास जमीन महंगी

सुभाष नगर से एम्स और सुभाष नगर से करोंद तक के मेट्रो रूट के आसपास आने वाले सभी क्षेत्रों में प्रॉपर्टी दरें बढ़ाने का प्रस्ताव है। हालांकि जहां शासन को परियोजनाओं के लिए जमीन की आवश्यकता है, वहां दरें फिलहाल यथावत रखने का सुझाव दिया गया है।

औद्योगिक क्षेत्रों की दरों में बदलाव का सुझाव

  • गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में एक समान दरों को बदलने की मांग
  • रविशंकर शुक्ल मार्केट में अलग-अलग दरों को समान करने का सुझाव

प्रमुख 17 लोकेशन की प्रस्तावित नई दरें (रु./वर्गमीटर)

लोकेशन वर्तमान दर प्रस्तावित दर
एयरोसिटी राजाभोज 20,000 22,000
सीटीओ कॉलोनी/कैलाश नगर 15,000 18,000
लाउखेड़ी 12,000 15,000
कोहेफिजा (बीडीए/हाउसिंग बोर्ड) 45,000 50,000
पलासी 15,000 17,000
पंचवटी एलआईजी 10,000 12,000
लांबाखेड़ा/नवीबाग 10,000 12,000
पुरुषोत्तम नगर 13,000 15,000
घाटखेड़ी 3,000 4,000
झागरिया खुर्द 5,600 7,000
दामखेड़ा खुर्द 16,000 20,000
सुरम्य परिसर 26,000 30,000
नर्मदा एवेन्यू 16,000 20,000
सागर एवेन्यू 18,000 20,000
एकतापुरी/कौशल्या कॉलोनी 15,800 17,000
पंत नगर 13,800 15,000
राजेंद्र नगर 12,800 16,000

आम नागरिक दे सकेंगे सुझाव

कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह के अनुसार,
नई गाइडलाइन के प्रस्ताव पर आम नागरिक संपदा-2 पोर्टल के माध्यम से सुझाव दे सकते हैं। सुझावों के परीक्षण के बाद प्रस्ताव को केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड भेजा जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button