मध्य प्रदेश

उद्योगों को राहत: बगरोदा में अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर उर्जीकृत

भोपाल के बगरोदा 132 केवी सबस्टेशन में 50 एमवीए का अतिरिक्त ट्रांसफार्मर उर्जीकृत। क्षमता 90 एमवीए हुई, औद्योगिक इकाइयों को बेहतर और भरोसेमंद बिजली मिलेगी।

भोपाल. ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि भोपाल की औद्योगिक इकाइयों को विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने 132 केवी सबस्टेशन बगरोदा में अतिरिक्त 50 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर उसे उर्जीकृत कर दिया है। इससे बगरोदा क्षेत्र में अब दो ट्रांसफार्मर उपलब्ध होने से मेंटेनेंस के दौरान शटडाउन की समस्या से राहत मिलेगी।

इन औद्योगिक क्षेत्रों को होगा सीधा लाभ

एमपी ट्रांसको भोपाल के अतिरिक्त मुख्य अभियंता प्रदीप राघव ने बताया कि दूसरे ट्रांसफार्मर की स्थापना से औद्योगिक केंद्र विकास निगम रामाखेड़ी, उमरावगंज, सोलर एनर्जी इकाइयों और दुर्गा स्टील 33 केवी फीडर से जुड़े उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। उन्हें अब उचित वोल्टेज पर बेहतर गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध हो सकेगी। क्षमता वृद्धि के बाद बगरोदा सबस्टेशन की कुल क्षमता 90 एमवीए हो गई है।

भोपाल की ट्रांसफॉर्मेशन कैपेसिटी में इजाफा

प्रदीप राघव ने जानकारी दी कि भोपाल जिले में एमपी ट्रांसको कुल 18 एक्स्ट्रा हाई टेंशन सबस्टेशनों के माध्यम से विद्युत पारेषण करता है—

  • 400 केवी: 1
  • 220 केवी: 4
  • 132 केवी: 13

इनकी कुल ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता बढ़कर अब 4603 एमवीए हो गई है।

उद्योगों को मिलेगी स्थिर और सतत आपूर्ति

क्षमता विस्तार से औद्योगिक इकाइयों को स्थिर, सतत और भरोसेमंद बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी, जिससे उत्पादन क्षमता और निवेश वातावरण दोनों को मजबूती मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button