दहेज और ‘हलाला’ का दबाव: बाइक न मिलने पर नई दुल्हन को तलाक, पति का विवादित बयान
Banda Crime News: उत्तर प्रदेश के बांदा में महिला ने दहेज प्रताड़ना और हलाला की शर्त लगाने का आरोप लगाया। पुलिस ने पति समेत चार लोगों पर केस दर्ज कर जांच शुरू की।

बांदा. उत्तर प्रदेश के Banda जिले से एक चौंकाने वाला और संवेदनशील मामला सामने आया है। शादी के बाद एक महिला को इस कदर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया कि वह पूरी तरह टूट गई। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उसे वापस रखने के लिए ‘हलाला’ कराने की शर्त रखी। परेशान होकर पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने पति सहित चार लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दहेज को लेकर शुरू हुई प्रताड़ना
मामला मटौंध थाना क्षेत्र का है। पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने जून 2025 में अपनी सामर्थ्य के अनुसार उसका निकाह कराया था। विवाह के बाद जब वह ससुराल पहुंची, तो उसे पता चला कि पति और अन्य ससुरालीजन दहेज से संतुष्ट नहीं हैं।
महिला का आरोप है कि इसी वजह से उसे लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। कई दिनों तक उसे भूखा रखा गया। परिवार बचाने की उम्मीद में वह सब कुछ सहती रही। बीच-बीच में विवाद बढ़ने पर पुलिस ने समझौते भी कराए, लेकिन ससुराल पक्ष के व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ।
मारपीट कर ससुराल से निकाला
पीड़िता के अनुसार दिसंबर 2025 में उसके साथ मारपीट की गई और उसे ससुराल से बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद से वह अपने मायके में रह रही है।
‘हलाला कराकर आओगी तभी रखेंगे’
महिला ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने उससे कहा कि अपने परिवार वालों को बुलाओ और दो लाख रुपये नकद तथा एक हीरो होंडा बाइक दिलवाओ। साथ ही यह भी कहा गया कि उसे तलाक दिया जा चुका है और अब तभी वापस रखा जाएगा, जब वह ‘हलाला’ कराकर आएगी। इस दौरान उसके साथ गाली-गलौज भी की गई।
चार आरोपियों पर केस दर्ज, जांच जारी
मामले में मटौंध थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत पर पति सहित चार ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




