बलूचिस्तान में बड़ा विद्रोह: 12 शहरों पर एकसाथ हमला, कई पुलिस स्टेशन कब्जे में
पाकिस्तान के बलूचिस्तान में BLA के हमलों से हालात बेकाबू। क्वेटा सहित कई शहरों में एक साथ हमले, पुलिस थानों पर कब्जे और भारी गोलीबारी की खबरें।

क्वेटा. पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में बलोच विद्रोहियों ने बड़े पैमाने पर हिंसक हमले किए हैं। बलोच लिबरेशन आर्मी (BLA) के जेयंद गुट ने शनिवार को “ऑपरेशन हेरोफ़” के दूसरे चरण के तहत एक साथ कई शहरों में हमले शुरू किए। इन हमलों में कई पुलिस थानों और सरकारी इमारतों पर कब्जा किए जाने की खबरें हैं। अचानक हुए इन समन्वित हमलों के बाद पाकिस्तानी सुरक्षा बलों को कई इलाकों में अपने पोस्ट छोड़ने पड़े, जिससे हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए।
12 से अधिक स्थानों पर एक साथ हमले
स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ये हमले 12 से अधिक स्थानों पर एक साथ किए गए। जियो न्यूज के मुताबिक, अब तक 10 सुरक्षाकर्मियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि पाकिस्तान सरकार का दावा है कि 58 विद्रोही मारे गए हैं।
क्वेटा में सुबह 6 बजे धमाका, दो घंटे तक गोलीबारी
समाचार एजेंसियों के अनुसार, राजधानी क्वेटा में शनिवार सुबह करीब 6 बजे जोरदार धमाके के साथ हमले की शुरुआत हुई। इसके बाद लगभग दो घंटे तक भारी गोलीबारी और कई विस्फोट हुए। हमलों का दायरा सरकारी प्रतिष्ठानों, सुरक्षा बलों और अन्य रणनीतिक ठिकानों तक फैला हुआ बताया गया है।
सड़क पर उतरे हथियारबंद विद्रोही, कई शहरों पर कब्जे के दावे
क्वेटा के अलावा पसनी, मस्तंग, नुश्की, ग्वादर और कलात जिलों में भी एक साथ हमले किए गए। सोशल मीडिया पर स्थानीय पत्रकारों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि—
- मस्तंग में पुलिस स्टेशन और शहर पर विद्रोहियों ने कब्जा कर लिया
- 30 से अधिक कैदी फरार हो गए
- क्वेटा के कई इलाकों में हथियारबंद लोग खुलेआम नजर आए
- हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस का दावा: शहर में घुसपैठ की कोशिश नाकाम
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने Arab News को बताया कि विद्रोहियों ने क्वेटा शहर में घुसने की कोशिश की, लेकिन पुलिस और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने उन्हें रोक दिया। उन्होंने कहा कि सरयाब रोड पर एक पुलिस मोबाइल पर हुए हमले में दो पुलिसकर्मी मारे गए, जबकि फिलहाल शहर में क्लीयरेंस ऑपरेशन जारी है।
मोबाइल डेटा सेवा बंद, अस्पतालों में इमरजेंसी लागू
डॉन के एक रिपोर्टर के अनुसार, हमलों के बाद क्वेटा, सिबी और चमन में मोबाइल कॉल सेवा चालू रही, लेकिन डेटा सेवाएं बंद कर दी गईं। वहीं स्वास्थ्य मंत्री बख्त मुहम्मद काकर और स्वास्थ्य सचिव मुजीबुर रहमान के निर्देश पर पूरे बलूचिस्तान के सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी लागू कर दी गई है।
दस शहरों में हमले, BLA प्रमुख का वीडियो संदेश
द बलूचिस्तान पोस्ट के अनुसार, BLA ने अपने कमांडर-इन-चीफ बशीर ज़ेब बलूच का एक वीडियो संदेश जारी किया है। इसमें उन्होंने बलोच जनता से घरों से बाहर निकलने और पाकिस्तानी सरकार के खिलाफ सशस्त्र संघर्ष में शामिल होने की अपील की। उन्होंने दावा किया कि बलूचिस्तान के दस शहरों में एक साथ हमले किए गए हैं।
48 घंटे में 70 विद्रोहियों के मारे जाने का दावा
बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री के राजनीतिक और मीडिया मामलों के विशेष सलाहकार शाहिद रिंद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दावा किया कि पिछले 48 घंटों में 70 से अधिक विद्रोही मारे गए हैं।
रेलवे ट्रैक पर IED और एंटी-टैंक माइन बरामद
पुलिस के अनुसार, नसीराबाद ज़िले में एक रेलवे ट्रैक पर IED और एंटी-टैंक माइन बरामद की गई। नसीराबाद के SSP असदुल्लाह नासिर ने बताया कि समय रहते विस्फोटक को निष्क्रिय कर दिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
हालात बेहद तनावपूर्ण
स्थानीय सूत्रों के अनुसार क्वेटा, नुश्की, कलात, मस्तंग, दलबांदिन, खारान, ग्वादर, पसनी, टंप, बुलेदा और धदार में सुरक्षा हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। कई इलाकों, जिनमें संवेदनशील रेड ज़ोन भी शामिल हैं, वहां भारी गोलीबारी और धमाकों की खबरें हैं।




