पाकिस्तान में हिंसा का विस्फोट: बलूचिस्तान में BLA का ऑपरेशन हेरोफ फेज-2, 200 सैनिक ढेर होने का दावा
बलूचिस्तान में बीएलए के ‘ऑपरेशन हेरोफ फेज-2’ को 40 घंटे पूरे, 200 से अधिक पाक जवानों के मारे जाने का दावा। पाक सरकार और सेना ने अलग आंकड़े जारी किए।

इस्लामाबाद. बलूच विद्रोही संगठन Balochistan Liberation Army (बीएलए) ने दावा किया है कि उसका ‘ऑपरेशन हेरोफ फेज-2’ बलूचिस्तान के कई जिलों में लगातार जारी है। संगठन के अनुसार, इस अभियान को शुरू हुए 40 घंटे से अधिक समय हो चुका है और इस दौरान पाकिस्तानी सुरक्षा बलों को भारी नुकसान पहुंचाया गया है।
कई जिलों में ऑपरेशन पूरे होने का दावा
बीएलए के प्रवक्ता जीयांद बलूच की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि खारान, मस्तुंग, टुम्प और पसनी जैसे इलाकों में ऑपरेशन पूरे किए जा चुके हैं। संगठन का यह भी दावा है कि उसके लड़ाके क्वेटा और नोशकी के कुछ हिस्सों में मौजूद रहे, जहां से पाकिस्तानी सैन्य दबाव को पीछे हटाया गया।
200 से अधिक पाक जवानों के मारे जाने का दावा
बीएलए का कहना है कि पाकिस्तान सेना, पुलिस और फ्रंटियर कॉर्प्स के 200 से अधिक जवान मारे गए हैं, जबकि कम से कम 17 लोगों को पकड़ा गया है। संगठन ने स्पष्ट किया कि ये आंकड़े प्रारंभिक आकलन पर आधारित हैं। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती के अनुसार, हालिया हिंसा में 17 कानून प्रवर्तन कर्मियों और 31 नागरिकों की मौत हुई है। वहीं बीएलए ने चेतावनी दी है कि सेना का साथ देने वाले स्थानीय अधिकारी और पुलिसकर्मी उसके निशाने पर होंगे।
दोनों पक्षों को नुकसान की पुष्टि
पाकिस्तान सेना के मुताबिक, शनिवार को 92 और शुक्रवार को 41 अलगाववादी मारे गए। दूसरी ओर, बीएलए ने भी स्वीकार किया है कि ऑपरेशन के दौरान उसके 18 लड़ाके मारे गए हैं। इनमें मजीद ब्रिगेड, फतेह स्क्वाड और STOS यूनिट के सदस्य शामिल बताए गए हैं। संगठन ने यह भी माना है कि हमलों में एक महिला हमलावर की भूमिका रही।




