छत्तीसगढ़

बगीचा में स्वास्थ्य महाकुंभ, 1100 लोगों को मिला मुफ्त इलाज और परामर्श

जशपुर के बगीचा में मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन हुआ, जिसमें 1109 मरीजों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और उपचार किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन का लोकार्पण किया।

जशपुर. जशपुर जिले के बगीचा में मेगा हेल्थ कैंप एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बगीचा में ₹2 करोड़ 43 लाख 72 हजार की लागत से निर्मित 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नवीन भवन का लोकार्पण करने के साथ ही इस मेगा स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया था।

मेगा हेल्थ कैंप में बगीचा सहित आसपास के ग्रामीण और सुदूर अंचलों से बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की। शिविर के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क परामर्श, स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई। कुल 1109 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार उपचार के साथ निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।

विभिन्न विशेषज्ञताओं की सेवाएं उपलब्ध

स्वास्थ्य शिविर में जनरल मेडिसिन, न्यूरोलॉजी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, हड्डी रोग, प्रसूति एवं स्त्री रोग, नाक-कान-गला (ईएनटी), नेत्र रोग, नेफ्रोलॉजी और प्लास्टिक सर्जरी जैसे विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। गंभीर और जटिल बीमारियों से ग्रसित मरीजों को बेहतर उपचार हेतु सर्वसुविधायुक्त उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर करने की समुचित व्यवस्था भी की गई।

विभागवार मरीजों का विवरण

  • न्यूरोलॉजी: 125
  • गैस्ट्रोएंटरोलॉजी: 65
  • नाक-कान-गला (ईएनटी): 148
  • मेडिसिन: 172
  • प्लास्टिक सर्जरी: 46
  • नेफ्रोलॉजी: 29
  • हड्डी रोग: 161
  • प्रसूति एवं स्त्री रोग: 60
  • नेत्र रोग: 80
  • सामान्य ओपीडी: 223

स्थानीय नागरिकों ने शिविर की व्यवस्थाओं और निःशुल्क विशेषज्ञ सेवाओं की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों के लिए अत्यंत लाभकारी पहल बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button