चुनावी सिस्टम पर सवाल: SIR को लेकर अखिलेश का BJP पर तीखा हमला
यूपी एसआईआर को लेकर अखिलेश यादव का भाजपा पर बड़ा आरोप। फार्म-7 निरस्त करने, एफआईआर दर्ज करने और पीडीए वोटरों को निशाना बनाने का दावा। चुनाव आयोग से की गई शिकायत।

लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने यूपी एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने मांग की कि अब तक जमा किए गए सभी फार्म-7 निरस्त किए जाएं और फार्म-7 पर चुनाव आयोग का होलोग्राम अनिवार्य किया जाए।
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेशभर से फार्म-7 को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बड़े पैमाने पर धांधली कर रही है और समाजवादी पार्टी ने इस संबंध में चुनाव आयोग से औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। सपा प्रमुख का दावा है कि प्रदेश में 1 करोड़ 99 हजार 710 वोट काटने की तैयारी की जा रही है।
सीतापुर से शुरू हुआ खेल: अखिलेश यादव
मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सबसे पहले यह मामला सीतापुर में सामने आया। उन्होंने कहा कि जांच में पाया गया कि शिकायतकर्ता लिखना नहीं जानता, वह अंगूठा लगाता है, जबकि शिकायत पत्र पर उसके हस्ताक्षर मौजूद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने भाजपा से मिलीभगत कर लाखों फार्म-7 छपवाए हैं और पीडीए (पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक) वर्ग, खासकर मुस्लिम समाज के वोटों को लक्षित किया जा रहा है।
आईएएस अफसरों पर भी आरोप
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि एक आईएएस अधिकारी मुख्यमंत्री कार्यालय में बैठकर बीएलओ को धमका रहा है। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी का नाम वे बाद में सार्वजनिक करेंगे। उन्होंने आशंका जताई कि देश को वन नेशन वन इलेक्शन की ओर ले जाया जा रहा है, लेकिन प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मतदाता सूची न दिखाने का आरोप
सपा अध्यक्ष ने कहा कि मतदाताओं को उनकी वोटर लिस्ट नहीं दिखाई जा रही, पूछने पर उन्हें पंचायत चुनाव की सूची थमा दी जाती है। इस दौरान पूर्व मंत्री योगेश वर्मा ने आरोप लगाया कि उनके विधानसभा क्षेत्र में 6321 वोट काटने की तैयारी है।
छपे-छपाए फार्म भेजने का दावा
अखिलेश यादव ने कहा कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में पहले से भरे हुए फार्म-7 भेजे जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सुल्तानपुर में एक मुस्लिम महिला बीएलओ का नाम तक काट दिया गया। छपे हुए फार्म पर ईपीआईसी नंबर और अन्य विवरण भरकर विधानसभावार भेजे जा रहे हैं। उनका दावा है कि भाजपा हर विधानसभा में 10 हजार वोट कटवाना चाहती है।
उन्होंने यह भी कहा कि सदर सुल्तानपुर और कन्नौज में इसी तरह वोट कटौती की जा रही है। लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र में 100 से अधिक फार्म पर एक ही व्यक्ति के हस्ताक्षर से आवेदन जमा किए गए हैं।
एफआईआर और पीडीए प्रहरी से अपील
अखिलेश यादव ने कहा कि नियमों के अनुसार यदि कोई गलत फार्म जमा करता है, तो लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। उन्होंने पीडीए प्रहरी से अपील की कि वे एक भी वोट कटने न दें और हर स्तर पर सतर्कता बरतें।




