रोजगार और सुशासन की दोहरी रणनीति: पटना भूमि विवाद पर बड़ी अपडेट, बोले सम्राट चौधरी
उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि विकसित बिहार का सपना तभी साकार होगा, जब रोजगार के लिए बाहर गए राज्य के नौजवानों की घर वापसी होगी।

पटना. उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि विकसित बिहार का सपना तभी साकार होगा, जब रोजगार के लिए बाहर गए राज्य के नौजवानों की घर वापसी होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अगले पांच वर्षों में सुशासन और कानून के राज के साथ-साथ रोजगार सृजन पर विशेष फोकस करेगी।
पहली कैबिनेट में रोजगार पर बड़ा फैसला
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने अपनी पहली ही कैबिनेट बैठक में 25 चीनी मिलों को पुनः चालू करने का निर्णय लिया है, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
‘अभिनंदन दीघा’ समारोह में कार्यकर्ताओं का सम्मान
सम्राट चौधरी शनिवार को दीघा विधानसभा कार्यालय परिसर में आयोजित ‘अभिनंदन दीघा’ कार्यकर्ता सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय विधायक डॉ. संजीव चौरसिया द्वारा किया गया था। इस अवसर पर सभी वक्ताओं ने भाजपा उम्मीदवारों में सबसे बड़े अंतर से डॉ. चौरसिया की जीत के लिए कार्यकर्ताओं और आम जनता का आभार व्यक्त किया।
भूमि विवाद समाधान अंतिम चरण में
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राजीव नगर, नेपाली नगर और दीघा की 1024.52 एकड़ भूमि के न्यायपूर्ण समाधान की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और शीघ्र ही इसका सकारात्मक परिणाम सामने आएगा।
उद्योग और सुशासन पर सरकार की प्राथमिकता
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सह उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि राज्य में सुशासन के साथ-साथ उद्योगों को भी प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हर जिले में कल-कारखाने स्थापित किए जाएंगे और इसके लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
भाजपा में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा: नितिन नवीन
पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी विपक्ष से नहीं, बल्कि आपस में ही स्वस्थ प्रतिस्पर्धा करते हैं। इस बार पटना की चारों सीटों में डॉ. संजीव चौरसिया ने सर्वाधिक अंतर से जीत दर्ज कर बाजी मार ली।
विपक्ष के आरोप जनता का अपमान: रवि शंकर प्रसाद
कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने किसानों को राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताया। वहीं सांसद रवि शंकर प्रसाद ने वोट चोरी को लेकर विपक्ष के आरोपों को जनता का अपमान करार दिया।
कई वरिष्ठ नेताओं ने किया संबोधन
कार्यक्रम को पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद, पीएचईडी मंत्री संजय कुमार सिंह, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव, सांसद विवेक ठाकुर, विधायक संजय गुप्ता, रत्नेश कुशवाहा, पूर्व विधायक अरुण कुमार सिन्हा, उप महापौर रश्मि चंद्रवंशी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया। आयोजक डॉ. संजीव चौरसिया ने दीघा की जीत को “अर्थतंत्र पर लोकतंत्र की जीत” बताया।
कार्यकर्ताओं का भव्य सम्मान
समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा, पटना महानगर जिलाध्यक्ष रूप नारायण मेहता, घटक दलों के जिलाध्यक्षों सहित सभी मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, मंडल प्रभारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे।
सभी मंडल अध्यक्षों को मंच पर उप मुख्यमंत्री, सांसद और मंत्रियों द्वारा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। डॉ. चौरसिया ने स्वयं एक-एक कार्यकर्ता के पास जाकर उनका सम्मान किया। समारोह में महिला कार्यकर्ताओं की भी सराहनीय भागीदारी देखने को मिली।




