देशगांव में वारदात से दहशत, बदमाशों ने 30 हजार नकद और पूरे दस्तावेज लूटे
जिले में चोरी और लूट की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वे अब राह चलते लोगों को भी निशाना बनाने लगे हैं।

खंडवा. जिले में चोरी और लूट की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वे अब राह चलते लोगों को भी निशाना बनाने लगे हैं। देशगांव चौकी क्षेत्र में ऐसी ही एक फिल्मी अंदाज की सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है, जहां कार सवार तीन बदमाशों ने एक मजदूर को जबरन कार में बैठाकर पहले उसकी पिटाई की, फिर चाकू से हमला कर लूटपाट को अंजाम दिया।
लिफ्ट के बहाने कार में बैठाया, फिर बना लिया शिकार
पीड़ित ईमरान पुत्र यूसुफ मंसूरी, निवासी नवलपुरा बस स्टैंड ने बताया कि वह मजदूरी का काम करता है। रविवार सुबह करीब 4 बजे वह अमरावती से देशगांव उतरा था और बड़वानी जाने वाली बस का इंतजार कर रहा था। सुबह 6:30 बजे बस होने के कारण वह पैदल एक ढाबे पर चाय पीने जा रहा था।
इसी दौरान एक कार में सवार तीन युवक उसके पास आए और बोले— “चल, हम भी उधर ही जा रहे हैं, तुझे छोड़ देंगे।” पहले तो ईमरान ने मना किया, लेकिन जब उन्होंने ढाबे तक छोड़ने का भरोसा दिया तो वह उनकी बातों में आकर कार में बैठ गया।
कार न रोकने पर हुआ शक, फिर शुरू हुई पिटाई
जैसे ही बदमाशों ने ढाबे के पास कार नहीं रोकी, ईमरान को शक हो गया। उसने गेट खोलने की कोशिश की, लेकिन तभी तीनों बदमाशों ने कार के अंदर ही उसकी पिटाई शुरू कर दी। किसी तरह वह कार से कूदकर भागा, तो बदमाशों ने रिवर्स लेकर फिर उसे घेर लिया।
चाकू से तीन-चार वार, 30 हजार नकद और दस्तावेज लूटे
पीड़ित ने बताया कि तीनों बदमाशों ने उसे पकड़कर बेरहमी से पीटा। उनमें से एक ने चाकू से 3–4 वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश—
- जेब में रखे 1,000 रुपये,
- बैग में रखे 25,000 रुपये नगद,
- सिक्कों के करीब 4,000 रुपये,
- कुल मिलाकर लगभग 30,000 रुपये,
और पर्स में रखे आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, स्कूटी का रजिस्ट्रेशन कार्ड और वैक्सीनेशन कार्ड लूटकर फरार हो गए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की तलाश
इस संबंध में देशगांव चौकी प्रभारी राजेंद्र सोलंकी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट, मारपीट और जानलेवा हमले का केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि बदमाशों की तलाश की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
इलाके में दहशत का माहौल
इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और बदमाशों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।




