राजनीतिक

स्थानीय निकायों में BJP का परचम, शिवसेना–NCP गठबंधन 200 से अधिक सीटों पर आगे; मतगणना जारी

महाराष्ट्र नगर निकाय चुनावों के रुझानों में महायुति 214 निकायों में आगे है। भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे और नितिन गडकरी ने जीत को विकास की राजनीति की जीत बताया।

नई दिल्ली/मुंबई. महाराष्ट्र के नगर निकाय चुनावों के अब तक के रुझानों में सत्तारूढ़ महायुति ने स्पष्ट बढ़त बना ली है। 288 नगर परिषदों और नगर पंचायतों में से 253 में मतगणना जारी है, जिसमें महायुति 214 स्थानीय निकायों में आगे चल रही है। इसके मुकाबले विपक्षी महाविकास अघाड़ी (MVA) फिलहाल केवल 49 निकायों में बढ़त बनाए हुए है।

महायुति का दबदबा, भाजपा सबसे आगे

ताजा रुझानों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी 118 स्थानीय निकायों में बढ़त बनाए हुए है। इसके अलावा शिवसेना (शिंदे गुट) 59 और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार) 37 निकायों में आगे चल रही है। विपक्षी खेमे में कांग्रेस 32 निकायों में बढ़त पर है।

तीन सीटें पहले ही निर्विरोध भाजपा के खाते में

भाजपा ने डोंडाईचा नगर परिषद (धुले) और अंगार नगर पंचायत (सोलापुर) में सदस्य व अध्यक्ष पद निर्विरोध जीत लिए हैं। इसके अलावा जामनेर नगर पालिका में भी अध्यक्ष पद पर कोई विपक्षी उम्मीदवार नहीं था।

फडणवीस बोले—विकास के मुद्दे पर मिला जनादेश

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में महायुति की सफलता भाजपा संगठन और सरकार के संयुक्त प्रयास का नतीजा है। उन्होंने कहा, “हमने विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ा। मैंने सकारात्मक विकास एजेंडे पर आधारित अभियान चलाया और किसी नेता या पार्टी की आलोचना नहीं की।”

लातूर में महायुति का क्लीन स्वीप

लातूर जिले में भाजपा ने पांच में से चार स्थानीय निकायों में अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की है। पीटीआई के मुताबिक उदगीर, अहमदपुर, निलंगा और रेनापुर में भाजपा विजयी रही, जबकि औसा सीट पर अजीत पवार की एनसीपी ने जीत हासिल की। इस तरह जिले की सभी पांच सीटों पर महायुति ने कब्जा जमाया।

“नतीजे तो बस ट्रेलर हैं” — एकनाथ शिंदे

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजे 15 जनवरी को होने वाले नगर निगम चुनावों का ट्रेलर हैं।
उन्होंने कहा कि ये परिणाम विकास को प्राथमिकता देने वाली जनता की सोच को दर्शाते हैं और महायुति आगामी चुनावों में भी शानदार प्रदर्शन दोहराएगी।

नितिन गडकरी ने दी भाजपा को बधाई

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की जीत पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह जीत पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और विकासोन्मुखी कार्यों पर जनता के भरोसे का प्रमाण है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का दावा—विपक्ष का झूठा प्रचार खारिज

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने कहा कि मतदाताओं ने विपक्ष के ‘झूठे प्रचार’ को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि महायुति 288 में से 250 से अधिक नगर परिषदों और नगर पंचायतों में जीत की ओर बढ़ रही है।

अलग-अलग जिलों से लगातार आ रहे नतीजे

रायगढ़, बीड, सिंधुदुर्ग, अकोला, गढ़चिरौली और धाराशिव सहित कई जिलों में भाजपा, शिवसेना (शिंदे गुट) और एनसीपी (अजित पवार) के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। कुछ स्थानों पर कांग्रेस और अन्य दलों को भी सीमित सफलता मिली है, लेकिन कुल मिलाकर रुझान महायुति के पक्ष में हैं।

शुरुआती रुझानों से भी महायुति मजबूत

सुबह से दोपहर तक आए विभिन्न चरणों के आंकड़ों में भी भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरती दिखी है, जबकि शिवसेना और एनसीपी उसके बाद हैं। एमवीए में शामिल दलों का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा है और राज ठाकरे की एमएनएस अब तक खाता भी नहीं खोल पाई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button