देश

चेकिंग में खुला राज: साबुन की पैकिंग में छिपी थी करोड़ों की हेरोइन

अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 6.8 करोड़ रुपये की हेरोइन बरामद। हर्बल साबुन के पैकेट में छिपाकर लाई गई थी खेप, चेन्नई निवासी यात्री गिरफ्तार।

अहमदाबाद. सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक बार फिर नशीले पदार्थों की तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। एयर इंटेलिजेंस यूनिट और कस्टम्स विभाग की संयुक्त टीम ने एक यात्री के पास से 6.8 किलोग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 6.8 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

हर्बल साबुन के पैकेट में छिपाई गई थी हेरोइन

कस्टम अधिकारियों के अनुसार, तस्करी की गई हेरोइन को कुदरती और हर्बल साबुन के पैकेट्स में बेहद चालाकी से छिपाया गया था। आरोपी यात्री की पहचान कुतुब सिहाबुद्दीन अब्बास अली (निवासी चेन्नई) के रूप में हुई है। वह कुआलालंपुर से एयर एशिया की फ्लाइट AK-91 से अहमदाबाद पहुंचा था।

ग्रीन चैनल से गुजरते समय हुआ शक

अधिकारियों ने बताया कि इंटरनेशनल टर्मिनल पर यात्रियों की प्रोफाइलिंग के दौरान आरोपी ग्रीन चैनल से गुजर रहा था। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर कस्टम्स टीम ने उसे रोका।

डोर मेटल डिटेक्टर से गुजरने और प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने किसी भी प्रतिबंधित सामान से इनकार किया। हालांकि, जब उसके बैग की एक्स-रे स्कैनिंग की गई तो शक गहराया।

29 साबुन पैकेट्स से निकला नशीला पदार्थ

बैग की गहन तलाशी में 29 पैकेट मिले, जो बाहर से कुदरती और हर्बल साबुन जैसे दिख रहे थे। जांच के दौरान जब इन पैकेट्स को काटा गया तो उनके भीतर हेरोइन छिपी मिली।

इसके अतिरिक्त, सिल्वर फॉयल और कार्बन पेपर में लिपटे तीन सफेद कवर भी बरामद किए गए, जिनमें ड्रग्स का जत्था छिपाया गया था। बरामद सामग्री के सैंपल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) को जांच के लिए भेजे गए हैं।

दोस्त ने सौंपा था पार्सल, बड़ी रकम का लालच

कड़ी पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि यह पार्सल उसे उसके दोस्त पानीर ने दिया था। पार्सल को तय स्थान तक पहुंचाने के बदले उसे बड़ी रकम देने का वादा किया गया था।

कस्टम विभाग और पुलिस अब इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क की कड़ी को खंगालने में जुटी है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में लगी हैं कि यह नशीली खेप भारत में किसे सप्लाई की जानी थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button